इंडियन कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा से उनकी पत्नी स्वीटी बूरा ने मारपीट की है। अब स्वीटी ने दीपक से तलाक मांग लिया है।
हरियाणा के हिसार में पूर्व विश्व चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा (Saweety Boora) ने महिला थाने में अपने पति और इंडियन कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) से मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मारपीट की यह घटना 15 मार्च की बताई जा रही है। अब इस मामले में नया ट्विस्ट सामने आया है। स्वीटी ने इस मामले में एक बड़ी डिमांड कर दी है।
स्वीटी ने दीपक से तलाक मांगा है। इसके साथ ही स्वीटी ने यह भी कहा है कि उसे दीपक से तलाक के बाद एक भी पैसा नहीं चाहिए। दीपक से चल रहे विवाद के बीच ही स्वीटी ने यह बयान दिया है।
स्वीटी के दीपक की पिटाई करने के वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि थाने में स्वीटी बूरा अपने पति दीपक का गला दबा रही है। परिवार के सदस्यों को बीच-बचाव कर उन्हें अलग करना पड़ा था, लेकिन थाने के अंदर दोनों पक्षों के बीच गरमागरम बहस जारी रही। इसी वीडियो के आधार पर हिसार पुलिस ने स्वीटी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया था। वहीं, 23 मार्च को स्वीटी बूरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मारपीट से इनकार किया और पुलिस पर दीपक से मिली भगत का आरोप लगाया।
स्वीटी और दीपक की शादी तीन साल पहले हुई थी। स्वीटी बूरा ने अपने एशियाड कांस्य विजेता कबड्डी खिलाड़ी पति दीपक हुड्डा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने उन पर और उनके परिवार पर दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया था। वहीं दीपक ने भी स्वीटी और उनके परिवार पर संपत्ति हड़पने और जान से धमकी देने का आरोप लगाया था, जिसकी शिकायत रोहतक में की थी। दीपक की शिकायत पर रोहतक जबकि स्वीटी की शिकायत पर हिसार में मामला दर्ज किया जा चुका है। स्वीटी और दीपक दोनों भाजपा से जुड़े हुए हैं।