
गोदाम के पास कमरे से 11 पेटी एक्सपायर शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
श्रीगंगानगर. सदर थाना पुलिस ने मंगलवार शाम को आरएसबीसीएल शराब गोदाम चक तीन एमएल हनुमानगढ़ सूरतगढ़ बाईपास पर एक कमरे से एक्सपायर हुई शराब की 11 पेटियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसको लेकर आबकारी विभाग व गोदाम के कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया। गिरफ्तार आरोपियों ने गोदाम मैनेजर व सुपरवाइजर के कहने पर शराब कमरे में रखना बताया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब व मेडीकेटेड नशा व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार शाम को सदर थाने के एसआई महेन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कमरे में अवैध शराब रखी हुई है।
इस पर पुलिस जाब्ते ने शराब के आरएसबीसीएल गोदाम चक तीन एमएल हनुमानगढ़ सूरतगढ़ बाईपास के पास बने कमरे में छापा मारा। जहां से पुलिस ने वार्ड नंबर दो बसंती माता मंदिर के पास वाटर वक्र्स के पीछे डबवाली सिरसा हरियाणा निवासी सूरज पुत्र देशराज के कब्जे से पुरानी व एक्सपायर अवैध शराब के पांच पेटी, जिसमें साठ बोतल, चार पेटी, जिसमें 82 अद्दे व दो पेटी, जिसमें 35 अद्दे बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गोदाम में मजदूरी करता है। यह शराब गोदाम के मैनेजर दिलीप बिश्नोई व सुपरवाइजर मोहन गुनेजा की ओर से रखवाई गई है। दोनों की ओर से कहा गया है कि यह शराब एक्सपायर हो चुकी है, जिसे रेकॉर्ड में नष्ट किया जा चुका है। इसको अब गोदाम में नहीं रख सकते हैं।
इसलिए शराब को वहीं पड़ी रहने दो और मौका मिलने पर हम इस शराब को आगे किसी को बेच देंगे। दोनों ने यह भी कहा कि उसको कोई दिक्कत नहीं आएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच रीको चौकी प्रभारी बलवंत कुमार को सौंपी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। टीम में एसआई के साथ कांस्टेबल श्रवण सिंह, कांस्टेबल दीपक, राजप्रीत सिंह, लक्ष्मण सिंह मौजूद थे। पुलिस अधिकारी इस मामले में अन्य की संलिप्ता की भी गहनता से जांच कर रहे हैं।
थाने के बाहर चक्कर लगाने लगे आबकारी अधिकारी
- गोदाम के पास से शराब बरामदगी के बाद जैसे ही आबकारी विभाग व गोदाम वालों को पता चला तो वहां हडक़ंप मच गया और आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सदर थाने के बाहर चक्कर लगाने लगे। इस मामले को हल्का कराने के प्रयास भी किए गए लेकिन पुलिसकर्मी नहीं माने।
डेपूटेशन पर आया है गोदाम मैनेजर
- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी गोदाम मैनेजर एईएन है और यहां डेपूटेशन पर आया हुआ है। यह आरएसबीसीएल वित्त मंत्रालय के अधीन होता है। वैसे ही देशी शराब का जीएसएम व आबकारी विभाग भी मंत्रालय के अधीन होते हैं। गोदामों में ऊपर से ही अन्य विभागों से डेपूटेशन पर अधिकारी लगाए जाते हैं।
जहरीली भी हो सकती है शराब
- पुलिस अधिकाकारियों ने बताया कि एक्सपायर शराब के जहरीली होने की भी संभावना हो सकती है। जिससे पीने वालों का कोई नुकसान हो सकता है। यह चीपर शराब है, जिसके खराब होने की आशंका रहती है। जबकि उधर, आबकारी सूत्रों का कहना है कि नया साल आने, लेबल व रेट चेंज नहीं होने तथा कंपनी बंद होने की स्थिति में शराब को एक्सपायर मान लेते हैं।
ऐसे में उसको नष्ट करने के लिए कमेटी बनी हुई है। जिसमें मैनेजर, सुपरवाईजर व अन्य शामिल होते हैं। गोदाम में हजारों बोतल शराब को नष्ट किया जाता है। यह शराब संभवतया 2018 में नष्ट की गई शराब में से हो सकती है।
Published on:
14 Jul 2021 12:04 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
