15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैस संकट में नया जुगाड़, दुकानदारों ने अपनाया नैनो कॉमर्शियल सिलेंडर

- घरेलू गैस आपूर्ति प्रभावित; श्रीगंगानगर में गैस की स्थिति सामान्य कब होगी यह बताने के लिए अधिकारी भी काट रहे कन्नी

2 min read
Google source verification


श्रीगंगानगर. अंतरराष्ट्रीय हालात के असर के चलते इलाके में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं और छोटे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की अनियमित सप्लाई के कारण कई घरों में रसोई चलाना मुश्किल हो गया है, वहीं होटल, ढाबा और चाय-नाश्ते की दुकानों को भी कामकाज प्रभावित होने लगा है। ऐसे में छोटे दुकानदारों ने अपनी दुकानदारी जारी रखने के लिए नया विकल्प खोज लिया है। गैस की कमी के बीच अब कई दुकानदार नैनो कॉमर्शियल सिलेंडर का उपयोग करने लगे हैं, इससे कम मात्रा में ही सही लेकिन गैस उपलब्ध हो रही है और काम चलता रह रहा है। गैस संकट का असर सबसे ज्यादा छोटे व्यवसायों पर पड़ा है। चाय की थड़ी, समोसा-कचौरी की दुकान और छोटे ढाबों के सामने काम बंद होने की स्थिति बनने लगी थी। ऐसे में कई दुकानदारों ने नैनो कॉमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। यह सिलेंडर करीब पांच किलोग्राम गैस क्षमता का होता है और आसानी से उपलब्ध हो जाता है। पहले इसका उपयोग मुख्य रूप से रोशनी या छोटे घरेलू कामों के लिए किया जाता था, लेकिन अब इसे छोटे दुकानदारों के लिए अस्थायी समाधान माना जा रहा है।



महंगा विकल्प, फिर भी मजबूरी



दुकानदारों का कहना है कि यह विकल्प महंगा जरूर है, लेकिन फिलहाल मजबूरी में इसी से काम चलाना पड़ रहा है। नैनो कॉमर्शियल सिलेंडर लगभग 600 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से मिल रहा है। इसके मुकाबले पहले सप्लाई होने वाला 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर करीब 1900 रुपये में मिलता था और उससे लंबे समय तक काम चल जाता था। यह बड़ा सिलेडर नहीं मिल रहा है,इस सिलेंडर की गैस प्रति किलो 100 रुपए निर्धारित है जबकि छोटे सिलेंडर की गैस 120 रुपए प्रति किलो की दर रहती है। हालांकि छोटा सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाते हैं, जिससे खर्च भी बढ़ जाता है। दुकानदार मोहित ने बताया कि छोटे सिलेंडरों की संख्या सीमित है, ऐसे में गैस एजेंसिंयां परहेज करती है।





घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित
पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों में घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। कई लोग वैकल्पिक साधनों जैसे इलेक्ट्रिक चूल्हा या इंडक्शन का सहारा ले रहे हैं, जबकि कुछ लोग पड़ोसियों या रिश्तेदारों से सिलेंडर लेकर काम चला रहे हैं। गैस एजेंसियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस की आपूर्ति में अस्थायी व्यवधान आया है। गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने की संभावना के सवाल पर रसद अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी कन्नी काट रहे है। हालांकि रटारटाया जवाब है कि डिलीवरी नियमित हो रही है।