सादुलशहर. समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही सरसों के लिए बारदाना सादुलशहर में समाप्त हो चुका है, जिससे धरती पुत्रों में रोष व्याप्त है। ग्रामीण किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश संयोजक रणजीत सिंह राजू व ब्लॉक अध्यक्ष रोजपाल सिंह बराड़ के नेतृत्व में प्रभावित किसान समर्थन मूल्य पर क्रय कर रही एजेन्सी सादुलशहर क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यालय पहुंचे तथा सरसों खरीद के लिए बारदाना न होने पर रोष जताया। इसके साथ उन्होंने बारदाना शीघ्र उपलब्ध करवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि शनिवार तक बारदाना नहीं पहुंचा तो सोमवार को किसानों की ओर से क्रय-विक्रय सहकारी समिति कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।
राजू व बराड़ ने कहा कि सादुलशहर में सरसों खरीद के लिए बारदाना बिल्कुल समाप्त हो चुका है। किसान अपनी उपज खुले बाजार में कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं। सादुलशहर क्षेत्र के विभिन्न गांवों व चकों में ओलावृष्टि व बरसात से फसल खराबे की गिरदावरी रिपोर्ट शीघ्र भिजवाकर मुआवजा दिलवाने, सादुलशहर क्षेत्र के धर्म स्थलों पर हुई चोरियों की वारदात में शामिल अज्ञात चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग है। गांव बुधसिंहवाला के श्री गुरुद्वारा सिंह सभा में हुई चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है, लेकिन चोर अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। यह भी मांग है कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना से भाखड़ा को उसके हिस्से का पूरा 1200 क्यूसेक पानी दिलाया जावे। वर्तमान में मात्र 800 क्यूसेक पानी भाखड़ा को दिया जा रहा है, जिससे किसान वर्ग में रोष व्याप्त है। इस सम्बंध में संगठन की ओर से इस आशय का ज्ञापन भी मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम योगेश सिंह देवल को सौंपा गया। इस दौरान चक 14 केआरडब्ल्यू से प्रभावित किसान जगसीर सिंह सेखों, गांव बुधसिंहवाला से सुखजिन्द्र सिंह बराड़, खैरूवाला से तरसेम सिंह, चक धौला से सुखदेव सिंह, हाकमाबाद से धनदेव सिंह व हरजिन्द्र सिंह, मन्नीवाली से प्रहलाद नोजल, कालवासिया से चन्दूराम, किशनपुरा उत्तरादा से शिव कुमार कूकणा व मलकीत सिंह सहित अनेक किसान उपस्थित थे।