-नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर). सूरतगढ़ हनुमानगढ़ फोरलेन मार्ग पर गुुरुवार सुबह टोल नाका के नजदीक नींद की झपकी आने से हनुमानगढ़ के सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता की बोलेरो एक बाइक से टकराने के बाद सडक़ से नीचे उतर गई। हादसे में दो बाइक सवार सहित एक्सईएन घायल हो गए। घायलों को राजकीय चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर एक जने को बीकानेर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सहीराम यादव गुरुवार को सूरतगढ़ क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर क्षेत्र में चल रहे रि लाइनिंग कार्य का निरीक्षण करने के लिए सरकारी बोलेरो में सूरतगढ़ आ रहे थे। इस दौरान टोल नाका के नजदीक उनको नींद की झपकी आ गई। जिससे उनकी बोलेरो सामने आ रही एक बाइक से टकरा कर सडक़ से नीचे उतर गई। हादसे में अधिशासी अभियंता सहीराम यादव सहित बाइक सवार पीलीबंगा के भागसर निवासी दौलतराम पुत्र सुरजाराम व सुखबीर पुत्र सुंदर सिंह घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल दौलतराम को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया गया। जबकि सुखबीर का उपचार एक निजी चिकित्साल में चल रहा है। वहीं एक्सईएन सहीराम यादव को उनके परिजन उपचार के लिए हनुमानगढ़ ले गए।