-भाजपा की जनआक्रोश महासभा में बोले अलवर सांसद बालकनाथ
सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर). राजस्थान वीरों की भूमि है, यहां अतिथि देव भव: रहता है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने अपराध व भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चार विधायक ही जीतेंगे। यह कांग्रेस की अंतिम यात्रा होगी। यह बात अलवर सांसद बाबा बालकनाथ ने सोमवार को नई धानमंडी में आयोजित भाजपा की जनआक्रोश महासभा में मुख्य वक्ता के रूप में कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में मोहब्बत की दुकान लेकर निकलने की बात कह रहे हैं, जबकि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार झूठ की दुकान खोलकर बैठी है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। पेपर लीक के मामलों से युवाओं के सपने टूट रहे। राज्य में तबादलों की दुकान से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस ने 60-65 साल तक राज किया। कांग्रेस राज में जनता व किसानों को राहत नहीं मिली। लेकिन जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। देश की बागडोर भाजपा के हाथ में है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गति लगातार बढ़ रही है। केन्द्र सरकार की ओर से संचालित जनता जल मिशन के तहत प्रत्येक गांव व ढाणी को पानी उपलब्ध करने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत राजस्थान के 95 लाख परिवारों तक पानी पहुंचाना है। इसके लिए केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार को 26 करोड़ रुपए दे चुकी है। लेकिन सरकार ने अबतक चार करोड़ रुपए ही खर्च किए। वर्तमान में राज्य सरकार इस योजना को बंद कर रही है ताकि आमजन को यह सुविधा ना मिल सके।
सांसद निहालचंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित की जा रही योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है। जबकि राज्य में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र में रेल सेवाओं में विस्तार किया गया है। अमृत योजना में सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन को भी जोड़ा गया है। सूरतगढ़ विधायक रामप्रताप कासनिया ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार ने जनता को पीड़ा देने का ही कार्य किया है। नई धानमंडी में व्यापारियों ने भी अलवर सांसद बाबा बालकनाथ का अभिनंदन किया।