
फोटो-पत्रिका
श्रीगंगानगर। जोधपुर विद्युत वितरण निगम जिले में गुरुवार से बकाया राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। अभियान के तहत टीम घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल की राशि जमा करवाएगी। साथ ही निगम कार्यालय में भी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विशेष काउंटर संचालित किए जाएंगे। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
सहायक अभियंता अभय रंजन ने बताया कि स्थानीय सहायक अभियंता कार्यालय क्षेत्र में करीब 15 लाख रुपये की बकाया उपभोग राशि लंबित है। इस वसूली के लिए कनिष्ठ अभियंता (शहरी) सौरभ निर्वाण, कनिष्ठ अभियंता (ग्रामीण) स्वाति बिश्नोई और तकनीकी कर्मचारियों की एक टीम गठित की गई है। यह टीम शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर बकाया राशि एकत्रित करेगी।
अभियंता रंजन के अनुसार, शहरी क्षेत्र में करीब सात लाख रुपये और ग्रामीण क्षेत्र में लगभग आठ लाख रुपये के बिल लंबे समय से लंबित हैं, जिनका उपभोक्ता भुगतान नहीं कर रहे हैं। निगम का कहना है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद कई उपभोक्ताओं ने राशि जमा नहीं करवाई, इसलिए अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने यह भी बताया कि जैतसर क्षेत्र में भी इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में बकाया उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं। वसूली के दौरान उपभोक्ताओं को मौके पर बिल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कनेक्शन कटने की नौबत न आए। निगम ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कराने की अपील की है, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।
Updated on:
19 Nov 2025 09:50 pm
Published on:
19 Nov 2025 09:48 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
