3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, राजस्थान के इस रेलवे स्टेशन पर दूसरी लिफ्ट तैयार, 10 करोड़ का नया FOB भी जल्द

Rajasthan Railway Infra: सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

2 min read
Google source verification
Suratgarh Railway Station

सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 बनकर तैयार लिफ्ट। फोटो: पत्रिका

Suratgarh Railway Station: सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 (संयुक्त) पर निर्माणाधीन दूसरी लिफ्ट लगभग बनकर तैयार हो चुकी है। इस लिफ्ट का संचालन मार्च माह से ही प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिससे अब यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर आवागमन में पूरी सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर यात्रियों के लिए लिफ्ट सुविधा उपलब्ध है। रेल अधिकारियों के अनुसार दूसरी लिफ्ट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा लिफ्ट के सभी तकनीकी उपकरण भी स्थापित कर दिए गए है।

जल्द ही बीकानेर मंडल की तकनीकी टीम लिफ्ट का परीक्षण करेगी। जिसके बाद लिफ्ट ही यात्रियों के लिए शुरु कर दिया जाएगा। वहीं, रेलवे स्टेशन पर कछुआ चाल से चल रहे नए एफओबी का निर्माण कार्य भी डीआरएम के निर्देश पर अब तेज कर दिया गया है।

अब रेल यात्रियों को मिलेगी पूरी राहत

रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर लिफ्ट सुविधा पूर्व में ही शुरू कर दी गई थी लेकिन प्लेटफार्म 2 व 3 पर लिफ्ट चालू नहीं होने से यात्रियों को पूरी राहत नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में अब भी यात्रियों को आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज की ऊंची सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। हालांकि रेलवे द्वारा दूसरी लिफ्ट का संचालन दिसंबर माह से शुरु किया जाना था। लेकिन तकनीकी अड़चनों के चलते यह कार्य पूरा नहीं हो सका।

45 लाख रुपए की लागत आई

रेलवे के अनुसार अब दूसरी लिफ्ट बनकर तैयार हो चुकी है। इस पर लगभग 45 लाख रुपए की लागत आई है। लिफ्ट के उपकरण स्थापित करने के बाद अब अंतिम तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों की जांच की प्रक्रिया की जाएगी। परीक्षण पूर्ण होते ही मार्च माह में लिफ्ट यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी। अमृत भारत स्टेशन योजना में चयन के बाद वर्ष 2024 में लिफ्ट निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

10 करोड़ की लागत से नए एफओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर

रेलवे स्टेशन पर करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में एफओबी के ऊपरी प्लेटफॉर्म का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है। हालांकि यह कार्य पूर्व निर्धारित समयावधि की तुलना में विलंब से चल रहा है लेकिन अब निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली हैं। ऐसे में उम्मीद है कि वर्ष के अंत तक नया एफओबी यात्रियों के आवागमन के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इस एफओबी के साथ तीन लिफ्टों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे प्लेटफार्मों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।