
श्रीकरणपुर. सेना के चिकित्सा शिविर का आगाज करते मुख्य अतिथि डॉ.विजयलक्ष्मी रावत, प्रसिद्ध जादूगर शंकर व अन्य। -पत्रिका
श्रीकरणपुर. मनुष्य का पहला सुख निरोगी काया है और स्वस्थ जीवन के लिए उम्र व परिस्थितियों के मुताबिक खान-पान तथा रहन सहन की आदतों में सुधार लाना जरूरी है। फैमिली वेलफेयर कमेटी फॉरएवर विक्टोरियस ब्रिगेड की अध्यक्ष डॉ.विजय लक्ष्मी रावत ने यह बात शनिवार को सेना की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान कही।
स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में कस्बे के वार्ड आठ भाट मोहल्ला में लगे शिविर में बतौर मुख्य अतिथि डॉ.विजय लक्ष्मी रावत ने वैदिक मंत्र सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे सन्तु निरामया सुनाकर सभी के कल्याण एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। परिवार कल्याण समिति फाइटिंग फोर्थ की अध्यक्ष भूमिका गहलोत व उपाध्यक्ष ज्योति नैण ने भी विचार व्यक्त किए। डॉ.सुमेश नागपाल, डॉ.मनीष चीनिया व नर्सिंग अधिकारी वेद प्रकाश के अलावा कई सैन्यकर्मियों ने सेवाएं दी। शिविर प्रभारी सैन्यकर्मी संजय भारती ने बताया कि शिविर में करीब 200 लोगों की नि:शुल्क जांच व दवा भी वितरित की गई। शिविर में सहयोग करने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया गया। बीसीएमओ डॉ.चरणजीत सिंह रौला, बलदेव सैन, आसरा चेरीटेबल ट्रस्ट के संरक्षक डॉ.हजारीलाल मुटनेजा, संयोजक नरेश परनामी, अध्यक्ष ओमप्रकाश डोडा, सचिव राजेश रस्सेवट, उपाध्यक्ष जितेंद्र जिंदल, कोषाध्यक्ष राकेश नागपाल, हंसराज गर्ग, संजीव भाटिया व सीमा भठेजा सहित अन्य सेवादारों ने व्यवस्था में सहयोग किया। मंच संचालन राजकुमार नागपाल ने किया।
नशे से दूर रहे युवा पीढ़ी
शिविर के दौरान कस्बे के मूल निवासी व देश-विदेश में प्रसिद्ध जादूगर शंकर ने नशे को मनुष्य के नाश का द्वार बताया। उन्होंने योगा व प्राणायाम का महत्व बताते हुए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर परिवार व समाज के उत्थान की दिशा में कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर शंकर ने कागज के एक टुकड़े से हजारों रुपए के नोट बनाने, देखते ही देखते घड़ी का समय बदलना व अन्य कई जादू दिखाए तो अतिथि हैरान हुए बिना नहीं रहे।
बच्चों को बांटे वस्त्र, महिलाओं को सेनेटरी पैड
शिविर के दौरान सेना की ओर से जहां जरुरतमंद बच्चों को नि:शुल्क वस्त्र वितरित किए गए। वहीं, महिलाओं को सेनेटरी पैड्स भी बांटे गए। इस अवसर पर डॉ.विजय लक्ष्मी रावत ने कहा कि पीरियड्स एक ऐसा शब्द है जिस पर पुरुष क्या महिलाएं भी बात करने से हिचकिचाती हैं लेकिन अब महिलाओं को शर्म छोडक़र इसके प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने पीरियड्स के दौरान पुराने तौर-तरीकों को छोडक़र सेनेटरी पैड या मेंस्ट्रुअल कप का उपयोग करने की सलाह दी।
Published on:
06 Apr 2024 07:47 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
