24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Crime: सहेली ही निकली मास्टरमाइंड, पति के साथ मिलकर लूटी ज्वेलरी, गोल्ड-लोन लेने गई थी पीड़िता

Sri Ganganagar Theft Case: श्रीगंगानगर में महिला से जेवर और जरूरी दस्तावेजों से भरी थैली छीनने के मामले में खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की साजिश पीड़िता की सहेली और उसके पति ने मिलकर रची थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Crime

गिरफ्तार आरोपियों की फोटो: पत्रिका

Friend Looted Gold Jewellery: श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना पुलिस ने महिला से सोने के आभूषणों और जरूरी दस्तावेजों से भरी थैली छीनकर फरार होने की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की पूरी साजिश पीड़िता की सहेली और उसके पति ने मिलकर रची थी। पुलिस ने सहेली के पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल महिला अभी फरार है।

जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि 15 जून को पुरानी आबादी निवासी छिन्दो पत्नी कालूराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि वह गोल्ड लोन लेने के लिए श्रीगंगानगर में रवि चौक स्थित बैंक गई थी, लेकिन लोन नहीं होने के कारण वह वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उसके साथ मौजूद सहेली के हाथ में पकड़ी थैली झपटकर फरार हो गए। थैली में सोने का मंगलसूत्र, गले की कंठी, कानों के झुमके, चेकबुक, मोबाइल फोन, आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

महिला और उसकी सहेली ने शोर मचाकर आरोपियों का पीछा किया लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। मामला दर्ज होने के बाद पुरानी आबादी थाना प्रभारी सीआई रमेश कुमार न्यौल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात में पीड़िता की सहेली सुमन और उसके पति रिंकू की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केदार चौक निवासी रिंकू पुत्र लक्ष्मणदास और उसके दोस्त वार्ड नंबर आठ केदार चौक निवासी रवि कुमार पुत्र प्रेम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

सहेली ने ही हाथ में ली थी जेवरों की थैली

थाना प्रभारी रमेश कुमार न्यौल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात की पूरी कहानी बताई। सामने आया कि छिन्दो जब गोल्ड लोन के लिए बैंक गई थी, उस समय उसकी सहेली सुमन भी साथ थी। सुमन को पता था कि छिन्दो के पास सोने के जेवर हैं। उसने इसकी जानकारी अपने पति रिंकू को दी और इसके बाद वारदात की योजना बनाई गई। घर लौटते समय रवि चौक के पास सुमन ने छिन्दो से जेवरों से भरी थैली अपने हाथ में ले ली। इसी दौरान बाइक पर आए युवकों ने थैली झपट ली।

पुलिस के अनुसार इस वारदात में सुमन का पति रिंकू भी शामिल था। रिंकू ने इस वारदात में अपने दोस्त रवि को मिला लिया था। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर छीने गए आभूषणों और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। वहीं फरार आरोपिया सुमन की तलाश जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दरिया सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल सुभाष कुमार शामिल रहे।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग