
Rajasthan Crime : रोहित गोदारा गैंग का शूटर शकील अंसारी। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan Crime : गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े आरोपी शकील अंसारी की ओर से अमृतसर से हथियार खरीदकर गैंग के सदस्यों तक पहुंचाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच कर रही जवाहरनगर थाना पुलिस आरोपी को साथ लेकर पंजाब रवाना हुई है, जहां हथियारों की खरीद और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस के अनुसार पंजाब के लुधियाना स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी शकील अंसारी रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय शूटर एवं सहयोगी है। उस पर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप है।
जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को लेकर पंजाब पहुंची है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अमृतसर से हथियार खरीदकर गैंग से जुड़े लोगों को उपलब्ध कराए थे। अब पुलिस हथियार सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस के अनुसार 10 जून की रात नाथांवाला और पठानवाला गांव के बीच नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस दल पर चार राउंड फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के तहत पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
श्रीगंगानगर इलाके में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और रोहित गोदारा गैंग अपना अपना प्रभाव जमाने के लिए इलाके के कारोबारियों से रंगदारी की वसूली के लिए अपने शूटरों से रैकी और फायरिंग करवा रहे है, लगातार गैंग के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पिछले डेढ़ साल में रंगदारी के मामले बढ़े है। हालांकि पुलिस ने चुनिंदा लोगों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए है।
पुलिस के अनुसार शकील अंसारी ने महज दो वर्षों के भीतर रोहित गोदारा गैंग में अपनी विशेष पहचान बना ली थी। जांच में सामने आया है कि गैंग की ओर से रंगदारी वसूली के लिए की गई कई फायरिंग घटनाओं में हथियारों की सप्लाई की जिम्मेदारी शकील अंसारी संभालता था। पुलिस का कहना है कि इसी भूमिका के चलते उसके खिलाफ पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं। विभिन्न राज्यों में सक्रिय गैंग सदस्यों तक हथियार पहुंचाने और नेटवर्क को मजबूत करने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है।
जांच अधिकारियों के अनुसार जयपुर और पंचकूला में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद शकील अंसारी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और हालिया कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
Published on:
22 Jun 2026 09:42 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
