
Wheat piled up in the new grain market of Sri Ganganagar
श्रीगंगानगर.न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद को लेकर किसानों के बढ़ते दबाव और विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य सरकार ने श्रीगंगानगर जिले के किसानों को बड़ी राहत दी है। जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के साथ-साथ खरीद अवधि भी 12 जून तक बढ़ा दी गई है। इससे उन किसानों को अतिरिक्त अवसर मिलेगा,जिनकी उपज अब तक सरकारी खरीद केंद्रों पर नहीं पहुंच सकी थी।जिले में इस बार एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए 89,332 किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। इनमें से 59,062 किसानों से खरीद पूरी हो चुकी है,जबकि 30,270 किसान अभी भी अपनी उपज बेचने की प्रतीक्षा में हैं। ऐसे में खरीद अवधि बढ़ाने और लक्ष्य में वृद्धि से मंडियों में खरीद प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।राज्य सरकार ने श्रीगंगानगर का खरीद लक्ष्य बढ़ाकर 6.70 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। पड़ोसी हनुमानगढ़ जिले का लक्ष्य 8.96 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। दोनों जिलों को मिलाकर श्रीगंगानगर मंडल का कुल खरीद लक्ष्य 15.66 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया है,जो प्रदेश की कुल सरकारी खरीद का बड़ा हिस्सा है।इस बार श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में गेहूं उत्पादन करीब 25.25 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। किसानों को बोनस सहित 2,735 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है।
सरकार का यह निर्णय ऐसे समय आया है जब संयुक्त किसान मोर्चा सहित विभिन्न किसान संगठनों ने खरीद लक्ष्य और अवधि नहीं बढ़ाने पर 10 जून को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। किसानों ने घोषणा की थी कि मांगें नहीं मानी गईं तो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। सरकार के फैसले के बाद फिलहाल किसानों को राहत मिली है, लेकिन प्रशासन के सामने निर्धारित अवधि में शेष किसानों की उपज खरीदने की चुनौती बनी हुई है।
"श्रीगंगानगर जिले में गेहूं की एमएसपी पर खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 6.70 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। साथ ही खरीद अवधि 12 जून तक बढ़ाई गई है। विभाग का प्रयास है कि सभी पंजीकृत किसानों की उपज की खरीद निर्धारित समय में पूरी की जाए।"
-कविता सिहाग, जिला रसद अधिकारी (डीएसओ), श्रीगंगानगर
Updated on:
09 Jun 2026 12:54 pm
Published on:
09 Jun 2026 12:13 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
