जिले में 410 सहायक अध्यापकों के मूल दस्तावेजों की जांच, जिला मुख्यालय पर 26 से 31 मई तक चलेगी प्रक्रिया
महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को शीघ्र मिलेंगे अध्यापक
श्रीगंगानगर. राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में संविदा के आधार पर सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। राज्य में 10 हजार सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की जानी है। इसमें जिला मुख्यालय पर महाराजा अग्रसेन विद्या मंदिर स्कूल में दो गुणा अधिक शॉर्ट लिस्टेड कर 410 अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों और पात्रता की जांच की जा रही है। हालांकि श्रीगंगानगर जिले में वर्तमान में 61 राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय संचालित हैं। इनमें नए खुले कई विद्यालयों में स्टाफ की कमी है। इसे पूरा करने के लिए संविदा के आधार पर सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है। अभी यह तय नहीं है कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय श्रीगंगानगर में कितने शिक्षक नियुक्त करेगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक बीकानेर ने सूचीबद्ध अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच शुरू की है। इसमें सहायक अध्यापक लेवल प्रथम, सहायक अध्यापक लेवल-द्वितीय में गणित-विज्ञान और अंग्रेजी विषय शामिल है।
पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव, उम्मीद भी ज्यादा
इन स्कूलों में एक बार सरकारी अध्यापक नियुक्ति करवा लेते हैं। यहां पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव होता है। विभाग और अभिभावक यह उम्मीद करते हैं कि विद्यार्थियों की बेहतर पढ़ाई हो। हिंदी से अंग्रेजी मीडियम स्कूल बनने के बाद इन स्कूलों में विद्यार्थियों को थोड़ी ज्यादा मेहनत करवानी होती है। इसलिए इन स्कूलों में नियुक्त कई अध्यापक अन्य स्कूलों में जाने की कोशिश में रहते हैं। इस कारण इन विद्यालयों में अध्यापकों के पद रिक्त हो जाते हैं। इस कारण राज्य सरकार ने संविदा पर अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति का निणर्य किया है।
31 मई तक चलेगी मूल दस्तावेजों की जांच
संविदा पर सहायक अध्यापकों के मूल दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यह प्रक्रिया 26 से 31 मई तक चलेगी। इसके लिए विभाग ने चार दल बनाए हैं। इसमें एल-वन के 197, एल-2 विज्ञान और गणित के 101 ओर एल-टू अंग्रेजी के 112 सहायक अध्यापकों के मूल दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
-मुकेश गल्होत्रा, एडीइओ माध्यमिक, शिक्षा विभाग, श्रीगंगानगर।