
श्रीगंगानगर.कृषि प्रधान जिले में इस बार सरसों की फसल अच्छी बताई जा रही है। उत्पादन के साथ गुणवत्ता भी बेहतर होने से किसानों को अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। मंडियों में सरसों की आवक शुरू हो चुकी है, लेकिन कृषि उपज मंडी समिति अनाज श्रीगंगानगर में ऑयल और नमी जांच मशीन खराब होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई धानमंडी में सोमवार को सरसों की 6893 क्विंटल आवक दर्ज की गई। यहां सरसों का औसत भाव 6227 रुपए प्रति क्विंटल रहा, जबकि न्यूनतम भाव 5750 रुपए और उच्चतम भाव 6392 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचा। राज्य सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6200 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। सरकारी खरीद के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीयन जारी है और 25 मार्च से एमएसपी पर खरीद शुरू होने की संभावना है।
मंडी में स्थापित ऑयल और नमी जांच मशीन में तकनीकी खराबी आने से तीन-चार दिन से जांच कार्य बंद है। व्यापारी सामान्यत: सरसों में ऑयल और नमी की मात्रा के आधार पर ही भाव तय करते हैं। श्रीगंगानगर और लालगढ़ की अनाज मंडियों में करीब 27 लाख रुपए की लागत से यह मशीनें लगाई गई थीं, ताकि किसानों को मंडी में ही नि:शुल्क जांच सुविधा मिल सके।
Updated on:
17 Mar 2026 12:37 pm
Published on:
17 Mar 2026 12:37 pm
