अनूपगढ़. अनूपगढ़ से बीकानेर रेल लाइन बिछाने के लिए रेलवे की ओर से करवाए जा रहे सर्वे की प्रक्रिया के तहत स्थानीय व्यापार मंडल में रेल विकास समिति एवं व्यापार मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष बूलचन्द चुघ के अलावा व्यापार मंडल उपाध्यक्ष भगवान दास उर्फ विक्की धूडिय़ा, रेल विकास समिति के अध्यक्ष रमेश शेवकानी, संरक्षक गंगाविशन सेतिया, सुखविंदर सिंह मक्कड़, पालिका उपाध्यक्ष सतपाल मुंजाल, मुकेश शर्मा, राजू डाल, व्यापार मंडल प्रबंधक किशन बाघला सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।व्यापार मंडल अध्यक्ष चुघ ने बताया कि अनूपगढ़ से बीकानेर रेल लाइन बिछती है तो रेलवे को यात्री भार के साथ-साथ माल भाड़े के रूप में अच्छा खासा राजस्व मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष लाखों रुपए की कृषि जिंस बाहर की मंडियों में भेजी जाती है। उन्होंने रेल लाइन बिछने के बाद व्यापार जगत को होने वाले लाभ एवं रेल लाइन के बिछने से रेलवे को होने वाले राजस्व के लाभों के बारे में एक सुझाव पत्र भी रेल विकास समिति को सौंपा।
रेल विकास समिति के मार्फत भेजा पत्र
रेल विकास समिति के अध्यक्ष रमेश शेवकानी ने बताया कि जयपुर से आई सर्वे टीम की ओर से रेल लाइन बिछाने को लेकर रेलवे को होने वाले राजस्व के लाभ की संभावनाएं तलाशी जा रही है। व्यापार मंडल की तरफ से विकास समिति के मार्फत एक सुझाव पत्र सौंपा गया है। इसमें अनूपगढ़ की आबादी के साथ-साथ आसपास के गांवों की व तहसीलों की जनसंख्या से संबंधित डाटा बताते हुए विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं, इलाके से बाहर के राज्यों में जाने वाली कृषि जिंसों की जानकारी, शिक्षण संस्थाओं, व्यापारिक संस्थाओं व आवागमन के संसाधनों और विकास के लिए बनने वाले संसाधनों का हवाला देते हुए रेलवे को इस क्षेत्र से संभावित होने वाली संभावित आय की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि रेल विकास समिति इस पर पूर्व में सर्वे टीम को एक पत्र भेज चुकी है।
व्यापार जगत को होगा लाभ
अनूपगढ़ से बीकानेर रेल लाइन बिछने के बाद व्यापार जगत में होने वाले लाभों के बारे में चर्चा की गई। व्यापार मंडल पूर्व सचिव एवं रेल संघर्ष समिति के संरक्षक गंगाबिशन सेतिया ने बताया कि रेलवे के उच्चाधिकारियों से मिलकर रेल लाइन के सर्वे की प्रगति के संबंध में जानकारी ली जाएगी। अनूपगढ़ से बीकानेर रेल लाइन बिछना क्षेत्र के अनूपगढ़ के जिला बनने के बाद दूसरी बड़ी सौगात होगी। इसके अलावा इस दौरान अनूपगढ विकास समिति के पदाधिकारियों व्यापार मंडल के लोगों ने बताया कि सर्वे टीम अनूपगढ़ से बीकानेर सीधी रेल लाइन व अनूपगढ़ से वाया घड़साना रावला खाजूवाला होकर रेल लाइन का सर्वे किया जा रहा है तथा संभावित आय को लेकर सर्वे टीम द्वारा विभिन्न संस्थाओं से जानकारी ली जा रही है।