हमारे शुभम व वेदिका ने आइएएस बन गौरव बढ़ाया
—संघ लोक सेवा आयोग 2022 जारी किया फाइनल रिजल्ट
कृष्ण चौहान
श्रीगंगानगर.शहर के बेटे शुभम व बेटी वैदिका ने आइएएस में चयनित होकर गौरव बढ़ाया है। शुभम को यह सफलता पहले तथा वैदिका को दूसरे प्रयास में मिली है। श्रीगंगानगर के बसंती चौक क्षेत्र के वास्तुनगर निवासी शुभम नोखवाल ने कहा कि कि ईश्वर पर विश्वास रखकर योजनाबद्ध तरीके से की नियमित पढ़ाई करने से निश्चित रूप से सफलता मिलती है। शुभम की सामान्य वर्ग में 321 वीं रैंक आई है। शुभम के पिता इंद्राज नोखवाल श्रीगंगानगर रेलवे में सीटीआइ के पद पर कार्यरत है जबकी माता शकुंतला वर्मा यहां के 36 कैनाल स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका है। शुभम मूल रूप से पदमपुर तहसील क्षेत्र के गांव 56 एलएनपी निवासी है। उन्होंने सफलता का श्रेय गुरुजनों,माता-पिता,बहन व जीजा को दिया है।
————————————-
लक्ष्य तय कर नियमित रूप से पढ़ाई कीजिए
अंग्रेजों के जमाने से ही हमारे समाज में सिविल सेवा में चयनित होना बड़े रुतबे, मान और गर्व की बात माना जाता रहा है और यह गर्व तब और ज्यादा बढ़ जाता है जब मध्यम वर्गीय नौकरी पेशा परिवारों के बच्चें यूपीएससी क्रैक करते हैं। इसी कड़ी में शहर के एक बेटे शुभम ने अपने पहले ही प्रयास में आइएएस की परीक्षा पास कर पूरे इलाके को गौरवान्वित और युवाओं को प्रेरित किया है। श्रीगंगानगर के बसंती चौक क्षेत्र के वास्तुनगर निवासी शुभम नोखवाल का मानना है। उन्होंने युवाओं से कहा कि आप अपना लक्ष्य तय कर नियमित रूप से पढ़ाई कीजिए,आपको सफलता खुद ब खुद मिलेगी।
12 वीं तक श्रीगंगानगर में की पढ़ाई
शुभम ने एलकेजी और नर्सरी की पढ़ाई केसरीसिंहपुर से की और कक्षा एक से 12 वीं की पढ़ाई सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल श्रीगंगानगर से की। कक्षा 10 वीं और 12 वीं में नॉन मेडिकल से पढ़ाई की और विद्यालय में अव्वल रहा। इसके बाद हंसराज कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए की पढ़ाई अर्थशास्त्र से की। कोरोना संक्रमण के दौर में श्रीगंगानगर आना पड़ा। इसके बाद दिल्ली के की एक कोचिंग इंस्टीट्यूट से 2021 से 2023 तक यूपीएससी की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।
———————————
शुभम की बहन सात साल पहले बनी थी आइएएस
शुभम की बड़ी बहन स्वाति नोखवाल का वर्ष 2016 में आइएएस में चयन हुआ था। वर्तमान में जीएसटी विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर रोहतक में कार्यरत है। उसके जीजा कुलदीप भी आइएएस है। चाचा महेंद्र नोखवाल का कहना है कि शुभम और उसकी बहन बचपन से पढ़ाई में होशियार थे।
वेदिका ने देश में हासिल किया 213वां स्थान
श्रीगंगानगर. वेदिका बिहाणी पुत्री मधुसूदन बिहाणी ने अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में 213वां स्थान हासिल करके इलाके व बिहाणी परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। सेठ जीएल बिहाणी शिक्षा न्यास श्रीगंगानगर के अध्यक्ष जयदीप बिहाणी व ट्रस्टी शरद बिहाणी की भतीजी वेदिका ने वर्ष 2022 में इस परीक्षा के तीनों चरणों को उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है। पढ़ाई में शुरू से अव्वल रही वेदिका का सपना आइएएस बनकर देश और समाज की सेवा करना था। इस सपने को पूरा करने के लिए उसने कड़ी मेहनत की। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से 2021 में आयोजित परीक्षा भी वेदिका ने उत्तीर्ण की थी। लेकिन साक्षात्कार में उसे सफलता नहीं मिली।