
Sri Ganganagar News : श्रीगंगानगर. श्रीगंगानगर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जयदीप बिहाणी समेत नौ व्यक्तियों के खिलाफ एक चिकित्सक से कथित किडनैपिंग और मारपीट के आरोप में एफ आईआर दर्ज करने के विरोध में शनिवार को बाजार बंद रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मचारी भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने भी अचानक हड़ताल कर दी, जिससे शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई। संयुक्त व्यापार मंडल और दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर गोल बाजार, स्वामी दयानंद मार्ग, पुरानी और छोटी धान मंडी, नई अनाज मंडी, रेलवे स्टेशन रोड, गुरुद्वारा रोड तथा रविंद्र पथ बाजार बंद रहे।
गौशाला रोड, सुखडिय़ानगर शॉपिंग सेंटर और लक्कड़ मंडी रोड पर बंद का आंशिक असर रहा। बंद के दौरान गोल बाजार के गांधी चौक में आम सभा की गई। संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मवीर डुडेजा, कच्चा आढ़तिया संघ के अध्यक्ष राधेश्याम बांसल, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष बंशीधर जिंदल समेत कई लोगों ने संबोधित किया। सभा के बाद उपस्थित लोग नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।
जिला कलेक्टर को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन देकर कोतवाली में जयदीप बिहाणी (BJP MLA Jaideep Bihani) एवं अन्यों के खिलाफ दर्ज किए मामले को वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जयदीप बिहाणी के खिलाफ द्वेषभावना से झूठे तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोबा बस्ती निवासी और रामलीला ग्राउंड में क्लीनिक चलाने वाले एक चिकित्सक श्याम सुंदर अरोड़ा (52) ने शुक्रवार को थाने में उनके साथ बिहाणी सहित नौ लोगों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। बताया जाता है कि विधायक जयदीप बिहाणी का 16 जून को जन्मदिन था। उस दिन शहर में उनके समर्थकों और कई संगठनों द्वारा जन्मदिन के उपलक्ष में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
तब फेसबुक पर 'सतयुग की नींव' के नाम से बने पेज पर इन आयोजनों को लेकर अपरोक्ष रूप से विधायक, उनके समर्थकों और आयोजन करने वालों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इससे नाराज होकर कथित रूप से विधायक और उनके समर्थकों ने डॉ. अरोड़ा से मारपीट की।
Published on:
20 Jul 2024 08:52 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
