7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्रीगंगानगर में झूमकर आया सावन, बरसात से शहर लबालब

- उमस से मिली राहत, पानी निकासी बनी आफत, नगर परिषद अमला दौड़ा

3 min read
Google source verification

श्रीगंगानगर। इलाके में सावन की पहली बरसात से शहर लबालब हो गया। शाम चार बजे हल्की बूंदाबंदी की शुरुआत हुई। शाम साढ़े चार बजे बरसात ने गति पकड़ी और लगातार दो घंटे जमकर बादल बरसे। मौसम विभाग के अनुसार जिला मुख्यालय पर 47.9 एमएम बरसात हुई। इस बरसात से अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले डेढ़ महीने से उमस भरी गर्मी से निजात मिली। सबसे ज्यादा बरसात बाजार एरिया, ब्लॉक एरिया और पुरानी आबादी में हुई। पानी निकासी नहीं होने के कारण बाजार एरिया में दुकानदारों मं अफरा तफरी मच गई। कई लोग तो बरसात अधिक होने की आंशका को लेकर शाम पांच बजे के बाद ही अपना काम समेट कर घरों की ओर लौटने लगे। उधर, शिवभक्तों ने महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर बरसात आने से खुशी का इजहार किया। लोग अपने परिवारिक सदस्यों के साथ घरों की छत तो गलियों में बरसात में नहाने लगे। सावन की इस रिमझिम बरसात में कई परिवारों ने अपने घरों में पकौड़े खिलाने का कार्यक्रम भी बना लिया। वहीं शहर के विभिन्न इलाको में नमकीन की दुकानों पर कचौड़ी लेने के लिए लोगों का तांता लग गया।

नियमित कचरा उठाव से बिगड़ी चाल


नगर परिषद के सफाई कर्मियों की हड़ताल भले ही कागजों में टूट गई हो लेकिन फिर से हड़ताल पर रहने के कारण अधिकांश वार्डो में कचरे के ढेर से निजात नहीं मिल पाई। इस वजह से शहर का कचरा डंपिंग प्वाइंट पर नहीं पहुंच पाया। हालांकि डोर टू डोर कचरा उठाव की कवायद शुरू हो चुकी है लेकिन पिछले सात दिनों से पड़े कचरे का निस्तारण नगर परिषद प्रशासन के लिए चुनौती बनी रही। इन कचरे की वजह से पानी निकासी में अड़चन आई। इधर, सफाई मजदूर यूनियन ने नगर परिषद के बाहर धरना लगाकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस यूनियन का कहना था कि उनका आंदोलन अब तक जारी हैँ। उधर, सभापति गगनदीप कौर पांडे का कहना है कि ज्यादातर जगहों से कचरे का उठाव किया जा चुका हैँ, कुछ एरिया में कचरे का उठाव कराने के संबंधित वार्डो के सफाई निरीक्षकों को पाबंद किया गया हैं।

पानी निकासी के लिए झोंकी ताकत


इस बरसात से बाजार एरिया खासतौर पर स्वामी दयानंद मार्ग, प्रताप मार्केट, पटेल मार्केट, सदर बाजार, तहबाजारी, रेलवे स्टेशन रोड, रवीन्द्र पथ, गौशाला मार्ग, एल ब्लॉक, जी ब्लॉक, पुरानी आबादी, पी ब्लॉक, एच ब्लॉक, विनोबा बस्ती, वेलकम विहार, गांधीनगर, जवाहरनगर एरिया, हाउसिंग बोर्ड एरिया, अग्रसेननगर चौक एरिया बरसाती पानी से लबालब हो गया। नगर परिषद आयुक्त यशपाल आहुजा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर बरसात अधिक होने का फीडबैक मिला हैँ। पानी निकासी के इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि पुरानी आबादी और गुरुनानक बस्ती के गडढो पर पानी निकासी के लिए पम्पसेट को जनरेटरों के माध्यम से नियमित शुरू कर दिए हैं। स्वामी दयानंद मार्ग पर विधायक जयदीप बिहाणी के घर पर पानी घुसने की सूचना मिलने पर जेटिंग मशीन भिजवाई गई। सीएमएचओ ऑफिस, कोर्ट कैम्पस, कलक्ट्रेट एरिया के अलावा गंगासिंह चौक व मल्टीपरपज स्कूल के पास दोनों रेलवे अंडरब्रिज में पानी ही पानी हो गया। अंडरब्रिज से पानी निकासी के लिए फायरबिग्रेड की गाडि़यों की मदद ली गई। इसके अलावा जहां अधिक जल भराव हैं, वहां नगर परिषद के सफाई निरीक्षकों की टीमोें को भिजवाया गया।

घरों में घुसा पानी, बाढ़ जैसे हालात


पुरानी आबादी और ब्लॉक एरिया में लोगों के घरों में पानी घुस गया। लोग अपने घरों के सामान को बरसाती पानी से बचाव के लिए दौड़ते नजर आए। सड़क लेवल से नीचे घरों में यह समस्या ज्यादा आई। जैसे ही सड़कों से वाहन गुजरे तो पानी समुंदर की लहरों के रूप में घरों में घुस गया। कई दुकानो में पानी घुसने से लोगों ने पानी निकासी के इंतजामों को लेकर अपना रोष जताया। इधर, सदर थाने के अंदर तो पानी ही पानी नजर आया। जवाहरनगर गगन पथ पर सड़क नहर का रूप ले लिया। सुखाडि़या सर्किल और शिव चौक पर अस्थायी दुकानें बरसात के बाद बंद हो गई। इस बरसात में कई सड़कों पर गडढों में दुपहिया वाहनों के बंद होने और गिरने की घटनाएं भी सामने आई। लोग जहां पानी कम भराव था, उन गलियों से निकलने के लिए ज्यादा उमड़े। ऐसे में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

महज दो घंटे में पानी निकासी का दावा


नगर परिषद प्रशासन ने बरसात का दौर थमने के अगले दो घंटे में पानी निकासी का दावा किया है। पुरानी आबादी के ट्रक यूनियन पुलिया के पास लगाए गए नए पंप सैट के माध्यम से पुरानी आबादी के जलभराव क्षेत्रों में अब पानी नहीं मिलेगा। इसी प्रकार बाजार एरिया, ब्लॉक एरिया और मीरा चौक क्षेत्र से पानी निकासी के लिए गुरुनानक बस्ती के पंप सेट में लगी बड़ी मोटरों के माध्यम से पानी निकासी के इंतजाम कराए जा रहे हैं। किसी भी सूरत में शहर को लबालब रहने नहीं दिया जाएगा।

अगले चौबीस घंटे अलर्ट रहने की चेतावनी


इधर, आयुक्त ने बताया कि अगले चौबीस घंटे में मूसलाधार बरसात होने के बारे में अलर्ट रहने के निर्देश मिले है। इस संबंध में नगर परिषद के सभी इंतजाम किए जा रहे है। गैराज में ट्रेक्टर ट्रॉलियों के अलावा जेटिंग मशीन, वैक्यूम क्लीनर मशीन, पम्प सेट, टैँकर, जेसीबी मशीन, फायर बिग्रेड गाडि़यों के माध्यम से पानी निकासी के इंतजाम कराए जाएंगे।