शिक्षा विभाग कर्मियों के बेटे-बेटियों को 11 हजार की छात्रवृत्ति
-10 वीं में 70 फीसदी से ज्यादा अंक जरूरी
-एक अगस्त तक आवेदन..
श्रीगंगानगर.
अजमेर बोर्ड से सम्बद्ध स्कूलों में इस साल दसवीं की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल आरबीएसइ की 10 वीं परीक्षा में 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ऑफलाइन आवेदन मांगे हैं। उल्लेखनीय है कि यह छात्रवृति केवल माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कार्मिकों के बच्चों को ही एकमुश्त प्रदान की जाएगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर की ओर से दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। हितकारी निधि योजना के तहत इस छात्रवृत्ति के लिए केवल स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों तथा कार्मिकों के बेटे-बेटियां ही पात्र होंगे। संस्कृत शिक्षा विभाग के कार्मिकों को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है। गौरतलब है कि जिले में शिक्षा विभाग में 20 हजार जबकि राज्य में 6 लाख से ज्यादा कार्मिक हैं।
-10 वीं के 950 और प्रवेशिका के 50 चयन
हितकारी निधि के तहत संचालित इस छात्रवृत्ति योजना में आवेदन करने वालों विद्यार्थियों में से सर्वश्रेष्ठ 1000 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें से 950 विद्यार्थी 10वीं कक्षा के लिए तथा 50 विद्यार्थी प्रवेशिका परीक्षा में शामिल हुए बच्चों के परिणाम में से चयनित किए जाएंगे।
फैक्ट फाइल
आवेदन की अंतिम तिथि : एकअगस्त
चयनित विद्यार्थी : 1000
प्रदेश के लिए कुल राशि: 1 करोड़ 10 लाख
हितकारी निधि योजना के तहत केवल सरकारी स्कूल से 10 वीं उत्तीर्ण पात्र विद्यार्थी के माता-पिता ही आवेदन कर सकतें हैं। राशि कार्मिक के खाते में जमा होगी। किसी अन्य सरकारी छात्रवृति का लाभ ले रहे विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ देय नहीं होगा।
–भूपेश शर्मा, जिला समन्वयक, विद्यार्थी परामर्श केंद्र,श्रीगंगानगर