
दोपहर तक पैंसठ में से 61 पार्षदों ने किया मतदान
-मतदान स्थल क्षेत्र में पहुंचे विधायक राजकुमार गौड और अन्य प्रमुख लोग
श्रीगंगानगर. नगरपरिषद सभापति पद के लिए मंगलवार दोपहर सवा बारह बजे तक पैंसठ में से 61 पार्षदों ने मतदान कर दिया। इसके साथ ही राजनीतिक विश्लेषकों ने क्षेत्र के प्रमुख नेताओं के चेहरे के हावभाव देखकर नए सभापति को लेकर अनुमान लगाने शुरू कर दिए हैं। दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों के साथ आए पार्षदों और उनकी संख्या को देखकर लोग कई तरह के अनुमान लगा रहे हैं।
इससे पूर्व सुबह दस बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पार्षद मतदान के लिए पहुंचने लगे। वार्ड 61 के निर्दलीय पार्षद संजय बिश्नोई ने सबसे पहला वोट डाला। बिश्नोई ने कहा कि उन्हें जनता ने जिताया है, ऐसे में उनकी राय लेकर ही वो सभापति पद के दावेदार के लिए मतदान करने पहुंचे हैं। भाजपा और कांग्रेस की तरफ से पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई थी मगर बिश्नोई उसका हिस्सा नही बने।
इससे पूर्व चुनाव के संबंध में पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां कर ली। नगरपरिषद के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए। नगर परिषद परिसर से 200 मीटर की दूरी तक वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश करने दिया गया है जिनके पास प्रशासन की ओर से जारी परिचय पत्र हैं। सभी थानों के थानाधिकारी और पुलिस के 170 जवान सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं । चार सीसी कैमरे भी लगाए गए हैं । सभापति पद के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा।
नगर परिषद चुनाव के बाद भाजपा 24 पार्षदों के साथ सबसे बड़ा दल है। कांग्रेस के उन्नीस पार्षद विजयी हुए हैं जबकि 22 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। पैंसठ पार्षदों में सभापति के चुनाव में निर्दलीय महत्वपूर्ण भूमिका में रहेंगे। सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से बबीता गौड़ तथा कांग्रेस की तरफ से करुणा चांडक को सभापति पद के लिए प्रत्याशी बनाया गया है।
Published on:
26 Nov 2019 12:46 pm

