
SriGanganagar ड्रग इंस्पेक्टर रामपाल वर्मा का शव भादरा ले गए परिजन
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ क्षेत्र नेशनल हाइवे पर सदर थाना क्षेत्र के 15 एसजीआर में ट्रोले की टक्कर से कार सवार श्रीगंगानगर में कार्यरत ड्रग इंस्पेक्टर राजपाल वर्मा के शव का पोस्टमार्टम सूरतगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में हुआ। सदर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजन वर्मा का शव लेकर भादरा के गांव छानीबड़ी रवाना हो गए। अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को गांव छानीबाड़ी में किया जाएगा।
इस ड्रग इंस्पेक्टर की मौत से जिले के अधिकांश दवा दुकानों में शोक की लहर दौड़ गई। श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ सहित कई इलाकों में दवा दुकानों की एसोसिएशन ने शोक स्वरूप आधा दिन दुकानें बंद रखी। उधर, ड्रग इंस्पेक्टर पंकज जोशी की रिपोर्ट पर ट्रोला चालक के खिलाफ सूरतगढ़ सदर पुलिस थाने में वाहन को तेज व लापरवाही से चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
सूरतगढ़ सदर पुलिस ने बताया कि श्रीगंगानगर के औषधि विभाग में कार्यरत ड्रग इंस्पेक्टर रामपाल वर्मा कार से घड़साना से श्रीगंगानगर जा रहे थे। रात करीब पौने दस बजे नेशनल हाइवे पर 15 एसजीआर के पास श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रहे एक ट्रोले ने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ड्रग इंस्पेक्टर छानीबडी भिवानी निवासी रामपाल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव अंदर ही फंस गया। मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ड्रग इंस्पेक्टर के शव बाहर निकाला। इसके बाद सदर पुलिस ने शव को सूरतगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा।
ड्रग इंस्पेक्टर रामपाल की मौत की सूचना मिलने पर शिल्प एवं माटी कला बोर्ड उपाध्यक्ष डूंगरराम गेदर, पूर्व विधायक राजेंद्र भादू, जिला औषधी नियंत्रक अधिकारी दलजीत सिंह उप्पल, हनुमानगढ़ के जिला औषधी नियंत्रक अधिकारी अशोक मित्तल, ड्रग इंस्पेक्टर पंकज जोशी, सूरतगढ़ मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष गोपीराम शर्मा, पवन तांवणियां, देवेंद्र सारस्वत, सन्नी नागपाल, दीपू चुघ, पवन मुंजाल आदि मोर्चरी रूम के बाहर पहुंचे तथा परिजनों का ढांढस बंधाया।
वहीं मेडिकल एसोसिएशन ने ड्रग इंस्पेक्टर रामपाल की मौत की सूचना पर गुरुवार को आधे दिन तक मेडिकल स्टोर शोकस्वरूप बंद रखने की घोषणा की है। उधर, जिला कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र चुघ उर्फ राजा चुघ ने बताया कि सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक दुकानें बंद करने का निर्णय लिया गया। दोपहर बाद दुकानें खोल दी गई।
इधर, सीएमएचओ ऑफिस के सहायक प्रशासनिक अधिकारी धीरज सैन ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर रामपाल वर्मा घड़साना में दवा दुकानों की चेकिंग करने के बाद शाम को अपनी कार से रवाना हुए थे। देर रात चक 15 एसजीआर के पास रामपाल की कार सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। चालीस वर्षीय रामपाल मूल रूप से भादरा क्षेत्र छानीबाड़ी का रहने वाला था। औषधि विभाग में ज्वाइनिंग के बाद वह जिला मुख्यालय पर यूआइटी के पास महावीर इंटरनेशनल कॉलोनी में परिवार के साथ रहने लगा । उनकी औषधि विभाग में नियुक्ति करीब 8 साल पहले हुई थी।
Published on:
14 Jul 2022 12:14 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
