
श्रीगंगानगर. पूर्व विधायक और माकपा नेता हेतराम बेनीवाल की याद में शहर के श्रमिक संगठनों ने शनिवार शाम सूरतगढ़ बाइपास पर स्थित किसान चौक को उनके नाम से बनाने का निर्णय लिया। सूचना मिलने पर एसडीएम नयन गौतम, तहसीलदार रविशंकर, यूआईटी तहसीलदार मुकुल, सदर सीआई सुभाष चन्द्र और सदर पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। कुछ देर तक प्रशासन और श्रमिक यूनियन के बीच तनातनी रही। एसडीएम ने यूनियन अधिकारियों से कहा कि बेनीवाल का व्यक्तित्व अनूठा था, लेकिन बिना अनुमति चौक का निर्माण उचित नहीं है। इस महान हस्ती के लिए अनुमति लेकर ही निर्माण कराया जा सकता है। हालांकि, यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की भावनाओं के अनुरूप किसान चौक को हेतराम बेनीवाल चौक का नाम दिया जा चुका है और प्रशासन की दखलअंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।
यूनियन का पक्ष: हमने तो बना डाला चौक
रोडवेज यूनियन के अध्यक्ष कृष्ण नैण ने कहा कि हेतराम बेनीवाल ने अपना जीवन किसानों और मजदूरों के हित में लगाया था। इसलिए श्रद्धांजलि स्वरूप किसान चौक का पूरा नाम अब हेतराम बेनीवाल चौक कर दिया गया। इसके तहत शनिवार शाम को श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी प्रकाश, साधुसिंह, हरकेवलदीप सिंह, प्रीतम सिंह, लालचंद और हरविंद्र सिंह उपस्थित रहे और चौक का निर्माण कराया। इस दौरान बेनीवाल अमर रहे के जयघोष भी लगाए गए।
क्षेत्राधिकार को लेकर अफसर उलझे
इस बीच, यूआईटी सचिव अशोक असीजा ने बताया कि सूरतगढ़ बाइपास पर किसान चौक का क्षेत्र यूआईटी का नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है। यदि पीडब्ल्यूडी अनुमति देगी तब वहां निर्माण कराया जा सकता है। इधर, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता भीमसेन स्वामी का कहना था कि चौक का सौंदर्यीकरण करने के लिए यूआईटी को अनुमति दी गई थी, लेकिन किसी ने चौक बनाना शुरू किया है या नहीं, यह उनकी जानकारी में नहीं है।
Published on:
07 Mar 2026 11:20 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
