
फाइल फोटो-पत्रिका
श्रीगंगानगर। प्रदेश में इस बार गेहूं की फसल अच्छी स्थिति में है और किसानों को बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। अनुकूल मौसम और समय पर हुई मावठ से गेहूं की फसल पर अच्छा प्रभाव पड़ा है। सरकार ने भी गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार इस बार केंद्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। वहीं राज्य सरकार की ओर से बजट सत्र में 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस की घोषणा की है। इस तरह किसानों को गेहूं बेचने पर कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा।
एमएसपी पर गेहूं विक्रय के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 1 फरवरी से चल रही है। किसान राज्य सरकार के किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीकरण कराकर अपनी उपज बेच सकते हैं। बिना पंजीकरण के एमएसपी पर गेहूं बेचना संभव नहीं होगा। सरकारी खरीद 10 मार्च 2026 से शुरू होगी, जो 30 जून तक चलेगी। किसानों की सुविधा के लिए श्रीगंगानगर मंडल में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) सहित विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से 116 खरीद केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसानों को उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़े।
इस बार खरीद प्रक्रिया में एफसीआइ, राजफेड, तिलम संघ, नेफेड और एनसीसीएफ के साथ आरएसएफसीएससी को भी शामिल किया गया है। प्रशासन का कहना है कि खरीद और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध रखने के लिए ऑनलाइन सिस्टम को और मजबूत किया गया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौसम अनुकूल रहने पर इस बार गेहूं का उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है, जिससे सरकारी खरीद के आंकड़े भी बढ़ सकते हैं।
इस बार गेहूं की फसल अच्छी है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। श्रीगंगानगर मंडल में गेहूं खरीद को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। किसानों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है और 10 मार्च से एमएसपी पर खरीद शुरू होगी। -चौधरी अभिरीत, क्षेत्रीय मंडल प्रबंधक, भारतीय खाद्य निगम, श्रीगंगानगर
Published on:
07 Mar 2026 07:38 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
