
Photo- Patrika
श्रीगंगानगर। गजसिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव 31 बीबी में सब्जी बेचने वाले युवक की करंट लगने से सब्जियों से भरे मोटरसाइकिल सहित जलने से मौत हो गई। गजसिंहपुर थाना प्रभारी सीरकौर ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव 20 बीबी तीन निवासी युवक जगदीप सिंह सब्जी बेचने का काम करता था। वह बाइक पर सब्जियां रखकर गांवों में बेचने जाता था। वह सब्जियां गांवों में बेचने गया।
इसी दौरान गांव 31 बीबी में सब्जियां बेचकर गुरुद्वारा के आगे लगे वाटर कूलर से पानी पीने के लिए पास ही लगे विद्युत पोल के पास अपना सब्जियों से भरा मोटरसाइकिल लगाया था। इसी दौरान करंट आने से मोटरसाइकिल पर बैठा युवक मोटरसाइकिल सहित जल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के घरों के लोगों ने यह हादसा देख तुरंत संबंधित पुलिस थाना गजसिंहपुर में घटना की सूचना दी। जिस पर गजसिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल पर करंट लगने से मरे हुए युवक के शव को उठाकर राजकीय चिकित्सालय गजसिंहपुर लाया गया।
परिवार के लोगों को सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी गजसिंहपुर राजकीय चिकित्सालय पहुंचे वहां युवक का पोस्ट मार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक युवक की शादी नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत की ढीली तारों के बारे में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत करवाया गया था, लेकिन उन्होंने ग्रामीणों की एक न सुनी। जिसके कारण यह हादसा हुआ और युवक की जान चली। गई यदि समय रहते ग्रामीणों के कहने पर विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हरकत में आए होते तो इस युवक की जान नहीं जाती।
Updated on:
7 Jun 2025, 5:28 PM IST
Published on:
6 Jun 2025, 6:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.