
Rahul Gandhi
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमें गाली देते हैं, हमारा मजाक उडाते हैं आप लोग हमारे अपने हो आप ही उन्हें जवाब दे सकते हो। गांधी ने अमेठी, गौरीगंज और जगदीशपुर में जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी से किसानों के कर्जमाफी के लिए अपील की लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कारनामों से नहीं, हम लोगों दिल में चोट तब पहुंची जब यहां के कारखानों को बंद कर दिया गया या फिर उन्हें अन्य प्रदेशों में शिप्ट कर दिया गया। उन्होंने मोदी पर तंज करते हुए कहा कि विदेश दौरे के दौरान अपने देश के लोगों से वे राष्ट्रवाद की लम्बी बाते करते हैं, लेकिन जब अमेरिका में ओबामा से मिलने जाते है तब जैकेट के पीछे मेड इन चाइना लिखा रहता है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी के झूठ बोलने या गाली देने से फर्क नहीं पडा लेकिन जब यहां से ट्रिपल आई टी मेेगा फूड पार्क ,हिन्दुस्तान पेपर मिल छिना तब हमारा दिल दुखी हुआ। उन्होने कहा कि मेगा फूड पार्क मे 40 प्रोसेसिंग कारखाने लगने थे, जिसमे कम से कम 30000 लोंगो को नौकरी मिलनी थी। इन कारखानो के वापस जाने से यहां बेरोजगारी बढी है।
गांधी ने अपनी तीनों जनसभाओं में एक बार भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम नहीं लिया। उन्होने कहा कि गठबंधन की सरकार बनी तो किसानो का कर्ज माफ होगा और बिजली का बिल हाफ होगा। अमेठी तथा रायबरेली का विकास होगा।
इस मौके पर कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ0 संजय सिंह ने गांधी के सामने ही सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी गायत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के पहले ही सपा ने गायत्री को रिजेक्ट कर दिया था। अखिलेश आए तो उन्होंने मंच पर नहीं बैठाया। मुलायम सिंह यादव ने भी अमेठी का अपना कार्यक्रम निरस्त कर दिया।
Published on:
23 Feb 2017, 9:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.