Crime news: महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने सरपंच के खिलाफ दर्ज किया अपराध, महिला की पिटाई करने के बाद सरपंच हो गया है फरार, पुलिस कर रही है खोजबीन
बिश्रामपुर. Crime news: सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत अनुजनगर के सरपंच ने एक महिला की हाथ-मुक्के से बेदम पिटाई कर दी। महिला ने सरपंच से कहा था कि नल-जल योजना के तहत लगा पाइप व चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया है, उसे सुधरवा दीजिए। इतना सुनते ही सरपंच भडक़ गया और महिला से गाली-गलौज करने लगा। महिला ने मना किया तो सरपंच ने हाथ-मुक्के से उसकी बेदम पिटाई कर दी। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने सरपंच के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में लटोरी पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत अनुजनगर की 26 वर्षीय महिला तुलसी राजवाड़े पति दिलसाय राजवाड़े के घर नल-जल योजना के तहत कनेक्शन लगा हुआ है।
महिला ने शुक्रवार को पाइप व चबूतरा क्षतिग्रस्त होने की बात कहकर गांव के सरपंच लालमन गोंड पिता इंदल गोंड से सुधरवाने का निवेदन किया। इस दौरान सरपंच महिला पर भडक़ गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढऩे पर सरपंच ने महिला की हाथ-मुक्के से बेदम पिटाई कर दी। महिला की रिपोर्ट पर लटोरी पुलिस ने आरोपी अनुजनगर सरपंच लालमन के खिलाफ धारा 294, 506, 323 के तहत जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कमीशनखोरी के चक्कर में घटिया निर्माण
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के नल जल योजना विभागीय अधिकारियों की अनदेखी व कमीशनखोरी की भेंट चढ़ रही है। ठेकेदार घटिया क्वालिटी के पाइप व बेहद ही स्तरहीन निर्माण सामग्री का उपयोग कर रहे हैं, जिससे निर्माण के कुछ दिनों बाद ही पाइप जगह-जगह से टूट जा रहे हैं और जलापूर्ति बाधित हो रही है।
निर्माण कार्य आनन-फानन में पूर्ण कर ठेकेदार बिल आहरित कर ले रहे हैं, जिससे योजना का लाभ हितग्राहियों को कुछ ही दिनों में मिलना बंद हो जा रहा है। यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही हैं।