
खरवासा के मंदिर से 1.50 लाख की चोरी
सूरत. खरवासा के तेजानंद धाम से सोमवार तडक़े दो अज्ञात चोर चांदी के मुकुट, प्रतिमाएं, सिंहासन और झूम्मर मिलाकर 1.50 लाख रुपए का माल चुरा कर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फूटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक खरवासा में स्वामि तेजानंद महाराज का प्राचीन मंदिर है। सोमवार तडक़े अज्ञात चोरों ने मंदिर के दरवाजा के ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद मंदिर में मूर्तियों पर पहनाए चांदी के 13 मुकुट, अष्टधातु की नौ प्रतिमाएं, एक चांदी का सिंहासन और एक झूम्मर मिलाकर 1.50 लाख रुपए का माल चुरा कर ले गए। सुबह मंदिर खोलने पर वारदात का पता चला। ट्रस्टियों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज की जांच की तो पता चला तडक़े 2 बजकर 23 मिनट पर दो अज्ञात युवक मंदिर में दाखिल हुए और चोरी कर 2 बजकर 31 मिनट पर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फूटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस निरीक्षक डाभी की याचिका पर सुनवाई पूरी
सूरत. क्रिप्टो करेंसी में निवेश के बहाने करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार पुलिस निरीक्षक लव डाभी की नियमित जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई पूरी हो गई। कोर्ट ने मंगलवार तक अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
छह महीने पहले सरथाणा थाने में बिल्डर चेतन गांगाणी ने पुलिस निरीक्षक लव डाभी समेत छह जनों के खिलाफ 14 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। मामला दर्ज होने के बाद से डाभी फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने सुप्रीम कोर्ट तक अग्रिम जमानत के लिए गुहार लगाई, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। आखिरकार उसने सूरत सेशन कोर्ट में समर्पण कर दिया। पहले चार और बाद में दो दिन का रिमांड कोर्ट ने मंजूर किया था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि समर्पण के वक्त सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार उसने जमानत याचिका भी पेश की थी, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई शुरू कर दी। सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें पेश होने के साथ सुनवाई पूरी हो गई। इसके बाद कोर्ट ने मंगलवार तक अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
Published on:
10 Dec 2018 10:00 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
