सूरत। बिपोरजॉय चक्रवात के कारण शहर में कुछ दिनों से चल रही तूफानी हवा से कई तरह के हादसे हो रहे हैं। भेस्तान में हुई एक चौंकानेवाली घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिसमें तेज हवा के कारण एक इमारत से उड़ी पानी की टंकी सड़क से गुजर रहे एक युवक पर गिरी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि उसके साथ की बच्ची बाल-बाल बच गई।
चक्रवात के कारण पांच दिनों में बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हुए हैं तो कई जगह पतरे और होर्डिंग्स उड़े हैं। पेड़ों के नीचे कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, तो दीवार ढहने से एक युवक मौत हो गई। इस दौरान शुक्रवार को एक युवक छोटी बच्ची को लेकर भेस्तान आवास से पैदल गुजर रहा था, तभी तेज हवा के कारण आवास की छत से एक बड़ी पानी की टंकी उड़ कर युवक पर गिरी और युवक टंकी के नीचे दब गया। यह देख आवास के लोग दौड़े आए और टंकी हटाकर युवक को अस्पताल रवाना किया। युवक को गरदन और कमर में चोट पहुंची है। जबकि बच्ची को खरोंच तक नहीं आई है। यह हादसा आवास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है और चौंकानेवाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।