
surat
सूरत।मुख्यमंत्री आनंदी पटेल ने गुरुवार को मनपा के 160 करोड़ रुपए से तैयार आठ प्रकल्पों का लोकार्पण किया। अठवा लाइन्स स्थित वनिता विश्राम ग्राउंड में उन्होंने पुस्तक मेले के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम स्थल से ही बीआरटीएस फेज दो के दो रूट अडाजण पाटिया से जहांगीरपुरा और कोसाड आवास से गजेरा सर्किल का लोकार्पण किया। दोनों रूट पर 14 फरवरी तक लोग निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने सरथाणा जकात नाका के समीप बीआरटीएस रूट के फ्लाईओर ब्रिज का लोकार्पण किया। बीआरटीएस फेज एक अंतर्गत खरवरनगर जंक्शन पर 1.92 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इंटरचेंज बस शेल्टर का उद्घाटन हुआ। इस इंटरचेंज बस शेल्टर से लोग सचिन, डूमस रिसोर्ट, सरथाणा या उधना दरवाजा की ओर जा सकते हैं। अडाजण पाटिया से जहांगीरपुरा 4.5 किलोमीटर और कोसाड आवास से गजेरा सर्किल 3.7 किलोमीटर बीआरटीएस फेज दो के रूट का लोर्कापण हुआ।
दोनों कोरिडोर तैयार करने में पालिका ने 62.82 करोड़ रुपए खर्च किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 25 लाख रुपए से खरीदे गए ऑन द स्पॉट पानी सैम्पल लेने वाली वाटर टेस्टिंग लेबोरेट्री ऑन व्हील, मगोब में 12 लाख और 21 लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी, लिंबायत जोन में 22.85 लाख की लागत से चार आंगनबाड़ी, 1.82 करोड़ के खर्च से प्राथमिक शाला भवन, वराछा जोन में 57.81 लाख की लागत से आठ आंगनबाड़ी भवन, म्यूनिसिपल वर्कशॉप के लिए 4.84 करोड़ रुपए की लागत से 19 वाहन और मरघा केंद्र के समीप 1.28 करोड़ रुपए की लागत से कम्युनिटी हॉल के बेसमेंट में पार्किंग का लोकार्पण किया।
पार्षद करें उपयोग
मुख्यमंत्री ने जन प्रतिनिधियों, पार्षदों को लोक परिवहन का इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर में 25 लाख वाहन हैं, ट्रैफिक जाम होना तय है। परिवार में हरेक सदस्य को वाहन चाहिए, लेकिन ट्रैफिक नियमों का पालन जरूरी है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
