
BJP GUJARAT NEWS: फूलों से सजा था रथ, ड्रॉन से होती पुष्पवर्षा
सूरत. भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की स्वागत रैली की तैयारियां भाजपा महानगर इकाई समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से की थी, हालांकि रैली ऐनवक्त स्थगित किए जाने से सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई। इससे पूर्व स्वागत रैली की तैयारियों का नजारा शहर के वराछा क्षेत्र में शुक्रवार को अभूतपूर्व देखने को मिला।
नवसारी सीट से तीन टर्म से सांसद सीआर पाटिल को गुजरात भाजपा इकाई का नया अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा से सूरत समेत दक्षिण गुजरात के पार्टी कार्यकर्ताओं समेत प्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। दो दिन पहले ही पाटिल ने अहमदाबाद के पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया और उसके बाद उनके सूरत आगमन की तैयारियां होने लगी थी। इसमें भाजपा महानगर इकाई ने शुक्रवार को पाटिल के सूरत आगमन मौके पर स्वागत रैली का निश्चय किया और तैयारियां शुरू कर दी थी। गुरुवार देर शाम तक शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लग गए थे वहीं, कई प्रमुख चौराहों पर तोरणद्वार बांधे गए। हालांकि इस बीच कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव भी पार्टी स्तर किया गया। इसमें सूरत एयरपोर्ट से स्वागत रैली निकालने के बजाय वराछा के वालक पाटिया से निकाले जाना शामिल था। इसके बाद बदले हुए स्वागत रैली के मार्ग में जगह-जगह बैनर, होर्डिंग्स व तोरणद्वार शुक्रवार को देखने को मिले।
दिखी वैसी ही तैयारियां
शुक्रवार सुबह नौ बजे से वालक पाटिया पर स्वागत रैली की व्यवस्था देख रहे सभी मुख्य कार्यकर्ता पहुंच गए थे। वहां पर टेम्पो में बनाए गए खुले रथ को फूलहार से सजाया गया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने बीआरटीएस रुट्स की बेरीकेट्स को भाजपा की झंडियों से ढक दिया था। यहां पर कई कार्यकर्ता परम्परागत तरीके से ढोल-ताशे बजाते हुए भी पहुंचे। वहीं, यहां स्वागत रैली में ड्रॉन से पुष्पवर्षा की तैयारियां करते भी कार्यकर्ता दिखाई दिए।
एक किमी लम्बा भाजपा ध्वज
स्वागत रैली को आकर्षक बनाने के लिए भाजपा ने एक किलोमीटर लम्बा भाजपा ध्वज भी विशेष रूप से तैयार करवाया था। हरे व केसरिया रंग के कपड़े पर बने इस ध्वज को हाथ में थामकर सैकड़ों कार्यकर्ता वराछा क्षेत्र में दिखाई दिए। इसमें विधायक संगीता पाटिल समेत अन्य कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। स्वागत रैली में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ता भाजपा का दुपट्टा, कमल निशान समेत अन्य सामग्रियों के साथ पहुंचे।
जमा हो गया कारों का काफिला
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के पहली बार सूरत आगमन के मौके पर निर्धारित स्वागत रैली में शामिल होने के लिए सुबह नौ बजे से ही वालक पाटिया पर कारों का काफिला जमा होने लगा था जो कि 11 बजते-बजते तीन-चार हजार तक पहुंच गया। इससे वराछा क्षेत्र में दूर-दूर तक केवल कारें ही कारें नजर आने लगी थी। सैकड़ों वाहनों के मार्ग पर जमा होने से वराछा क्षेत्र समेत आसपास में शुक्रवार सुबह से ही ट्रैफिक की दिक्कतें भी होने लगी थी।
घर पर परिजनों ने किया स्वागत
शुक्रवार सुबह दिल्ली से सूरत एयरपोर्ट पहुंचे भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल काफी देर तक वहीं रुके। सूरत एयरपोर्ट से ही पाटिल ने पदाधिकारियों को स्वागत रैली स्थगित किए जाने के निर्देश दिए और उसके बाद घर के लिए रवाना हुए। चुनिंदा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ घर पहुंचने पर पाटिल की पत्नी गंगा पाटिल ने विधिवत तरीके से उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके परिजन समेत अन्य लोग वहां मौजूद थे।
Published on:
24 Jul 2020 08:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
