3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हरसहाय के दोस्त ने भी बनाए थे महिला के साथ यौन संबंध

बच्ची से दुष्कर्म कर मां-बेटी की हत्या के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त हरसहाय गुर्जर का 11 दिन का रिमांड मंजूर किए जाने के बाद पुलिस ने रविवार रात...

2 min read
Google source verification
Harsahai's friend also had sex with the woman

Harsahai's friend also had sex with the woman

सूरत।बच्ची से दुष्कर्म कर मां-बेटी की हत्या के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त हरसहाय गुर्जर का 11 दिन का रिमांड मंजूर किए जाने के बाद पुलिस ने रविवार रात से उससे पूछताछ शुरू कर दी। अब तक की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि महिला के साथ हरसहाय के अलावा उसके दोस्त ने भी यौन संबंध बनाए थे। महिला हरसहाय से जिद करने लगी थी कि वह उसे उसके साथ घर में रखे, जिसे लेकर हरसहाय ने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। सोमवार को पुलिस ने वह कार भी बरामद कर ली, जिसमें उन्होंने महिला की हत्या की थी।

छह अप्रेल को पांडेसरा से बच्ची का शव मिलने के 13 दिन बाद पुलिस ने मामला सुलझाते हुए हत्या के आरोप में भेस्तान सोमेश्वर सोसायटी निवासी हरसहाय गुर्जर को राजस्थान से धर दबोचा था। पूछताछ में उसने बच्ची और उसकी मां की हत्या करना कबूल कर लिया। सूरत पुलिस ने शनिवार रात उसे गिरफ्तार करने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 11 दिन का रिमांड मंजूर कर उसे 3 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूरी वारदात की कडिय़ां जोडऩे और सबूत जुटाने में लगी हुई है। सोमवार को पुलिस ने अभियुक्त को उसके घर ले जाकर दोबारा जांच की। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हरसहाय ने कबूल किया कि महिला के साथ उसके अलावा उसके दोस्त ने भी यौन संबंध बनाए थे।

टीम दिल्ली रवाना

पुलिस ने बताया कि वारदात का भेद सुलझने के बावजूद अभी तक मां-बेटी की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उनकी शिनाख्त के लिए प्रयास जारी हैं। मां-बेटी की शिनाख्त के लिए क्राइम ब्रांच की एक टीम दिल्ली रवाना की गई है। इसके अलावा राजस्थान में भी अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं, जो अन्य अभियुक्तों की खोज कर रही हैं।

शव मां-बेटी के ही थे, डीएनए जांच में पुष्टि

पांडेसरा क्षेत्र में मिले महिला और बच्ची के शवों की डीएनए जांच में सोमवार को पुष्टि हो गई कि दोनों मां-बेटी थीं। इससे पुलिस को अहम सबूत हाथ लगा है कि दोनों अभियुक्त हरसहाय गुर्जर के साथ थीं और उसी ने बारी-बारी से उनकी हत्या कर दी। पांडेसरा जीयाव-बुडिय़ा क्षेत्र के सांई फकीरा क्रिकेट ग्राउंड से 6 अप्रेल को 11 साल की बच्ची का शव बरामद हुआ था। पुलिस बच्ची की शिनाख्त का प्रयास कर रही थी, तभी 9 अप्रेल को इसी क्षेत्र में सचिन-मगदल्ला हाइवे के किनारे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

दोनों घटनाओं के तार एक-दूसरे से जुड़े हो सकते हैं और बच्ची तथा महिला मां-बेटी हो सकती हैं, यह आशंका पुलिस को पहले से थी। पुलिस ने दोनों के शव के नमूने डीएनए जांच के लिए फोरेंसिक लेबोरेटरी भेजे थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों घटनाओं का भेद सुलझाते हुए राजस्थान से हरसहाय गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया था। उसने कबूल किया कि उसी ने बच्ची और महिला की हत्या की थी। दोनों शव इन्हीं मां-बेटी के हैं, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। सोमवार को फोरेंसिक लेबोरेटरी ने जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी। जांच अधिकारी बी.एन.दवे ने बताया कि दोनों का डीएनए मैच हो गया है।

Story Loader