सूरत

नई सिविल अस्पताल में स्टोमा केयर क्लीनिक का उद्घाटन

- दक्षिण गुजरात के मरीजों को नि:शुल्क इलाज मिलेगा - सप्ताह में एक दिन बुधवार को शाम 4 से 6 बजे तक चलेगी ओपीडी

2 min read
Aug 02, 2023
नई सिविल अस्पताल में स्टोमा केयर क्लीनिक का उद्घाटन

सूरत. अहमदाबाद और वडोदरा सिविल के बाद अब सूरत के नई सिविल अस्पताल में मंगलवार को ‘स्टोमा केयर क्लिनिक’ का उद्घाटन किया गया है। यह विशेष ओपीडी प्रत्येक बुधवार को शाम चार से छह बजे तक चलाई जाएगी। इसका लाभ सूरत सहित दक्षिण गुजरात के स्टोमा रोगी नि:शुल्क उठा सकेंगे।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. गणेश गोवेकर ने बताया कि सूरत सिविल में दक्षिण गुजरात का यह पहला सरकारी सेंटर कोलोप्लास्ट कंपनी के सहयोग से शुरू किया गया है। नई सिविल अस्पताल में हर महीने करीब 25 मरीज तीन तरह की ऑस्टॉमी सर्जरी यानी इंटेस्टाइनल कोलोस्टॉमी, इलियोस्टॉमी और यूरोस्टॉमी करा रहे हैं। सर्जरी के बाद मल-मूत्र एकत्र करने के लिए कोलोस्टॉमी बैग रखते समय सावधानी बरतनी होती है। ऐसे रोगियों को कोलोस्टॉमी बैग को फिट करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्हें ड्रेसिंग और बैग प्लेसमेंट के लिए निजी अस्पताल में इलाज कराने को मजबूर होना पड़ता है। अब ऐसे मरीजों के लिए यह काफी आसान होगा। यदि ऑस्टियोमी मरीजों की संख्या बढ़ती है तो अगामी दिनों में सप्ताह में ओपीडी के दिन बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निजी अस्पताल में स्टोमा सर्जरी का खर्च 1.50 लाख रुपए है और सर्जरी के बाद 3 महीने तक कोलोस्टॉमी बैग रखने और बदलने का खर्च 15 हजार रुपए है। स्टोमा का ऑपरेशन सिविल में किया जाता है, लेकिन चूंकि सर्जरी के बाद बैग बदलने की जरूरत होती है, इसलिए उसकी उचित देखभाल, कोलोस्टॉमी बैग प्लेसमेंट का इलाज नई सिविल के सेंटर में मुफ्त उपलब्ध होगा और मरीजों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी। क्या है ऑस्टॉमी सर्जरी (स्टोमा) ? ऑस्टॉमी या स्टोमा एक प्रकार की सर्जरी है, जिसके अंतगर्त कोलोस्टॉमी, इलियोस्टॉमी और यूरोस्टॉमी जैसी सर्जरी आती है। इसमें व्यक्ति के पेट में सर्जरी से एक छेद बनाया जाता है, इस को स्टोमा कहा जाता है। यह शरीर से अपशिष्ट पदार्थ यानी मल या मूत्र को बाहर निकलने में मदद करता है। सर्जरी के बाद, मल-मूत्र को इकट्ठा करने के लिए एक कोलोस्टॉमी बैग रखा जाता है।

Published on:
02 Aug 2023 08:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर