
KARWA CHOTH: हाथों पर सजी मेहंदी, आज मांगेंगे वरदान
सूरत. करवा चौथ महाव्रत के अवसर पर रविवार को सोलह शृंगार में सज-संवरकर महिलाएं दाम्पत्य जीवन को सुखी, समृद्ध और चिरकाल बनाए रखने की कामना करेगी। रविवार को रोहिणी नक्षत्र के शुभ संयोग में करवा चौथ महाव्रत के महिलाएं शिव-पार्वती की पूजा, सत्यवान-सावित्री की कथा, चंद्रदर्शन. अघ्र्य समर्पण समेत विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होगी। इससे पूर्व शनिवार को शहर में कई स्थानों पर मेहंदी कार्यक्रमों के आयोजन किए गए।
कार्तिक कृष्ण चतुर्थी के मौके पर करवा चौथ महाव्रत के दौरान व्रती महिलाएं रविवार को अपने पति के दीर्घायु एवं सुखी दाम्पत्य जीवन की मंगल कामना मां पार्वती एवं भगवान महादेव से करेगी। इस दौरान वे सती सावित्री के समान सत प्राप्ति की प्रार्थना करेगी। महाव्रत के मौके पर घरों में चौथ माता की चौकी पर सिंदूर, बिंदी, कंघा, शीशा, चूड़ी आदि शृंगार की आकृतियों की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। उसके बाद सामूहिक रूप से घर-परिवार व सोसायटी-अपार्टमेंट में बड़ी-बुजुर्ग महिलाएं शिव-पार्वती, सत्यवान-सावित्री की कथा सहित अन्य कहानियों का श्रवण उपस्थित अन्य महिलाओं को कराएगी। रात्रि में चंद्रोदय के बाद सभी व्रतधारी महिलाएं चंद्रदेव के दर्शन और बाद में अघ्र्य अर्पित कर पूजा करेगी।
-पूजा मुहूर्त व चंद्रोदय का समय
रविवार को करवा चौथ महाव्रत रोहिणी नक्षत्र में होने का संयोग पांच वर्ष बाद बन रहा है। इस संयोग में श्रीगणेश व सूर्यदेव की विशेष कृपा व्रती महिलाओं के लिए रहेगी। करवा चौथ महाव्रत की पूजा का शुभ मुहूर्त रविवार शाम 6 बजकर 55 मिनट से रात्रि 8 बजकर 51 मिनट तक रहेगा। वहीं, चंद्रोदय का समय 8 बजकर 11 मिनट है। हालांकि शुभ मुहूर्त के समय में अलग-अलग शहरों में अंतर रह सकता है।
-मेहंदी रची म्हारे हाथां म्ह
करवा चौथ महाव्रत की पूर्व संध्या पर शनिवार को शहर में कई स्थानों पर सामूहिक रूप से मेहंदी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, शाम को घरों में भी महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई। मेहंदी के सामूहिक कार्यक्रम सिटीलाइट स्थित सूर्या पैलेस, भटार रोड स्थित रामवाड़ी में सोनीपत महिला समाज की ओर से आयोजित किए गए। इनमें महिलाओं ने मेहंदी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया।
Published on:
23 Oct 2021 09:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
