घरों और पंडालों में विराजमान होंगे विनायक गणेशोत्सव सोमवार से
सिलवासा. विघ्नहर्र्ता महागणपति सोमवार को अपने परिवार के संग घरों और पंडालों में विराजमान हो जाएंगे। आयोजकों ने गौरीसुत के पूजा अर्चना एवं प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूर्ण कर ली है। पंडाल विद्युत रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे हैं। पिपरिया, आमली, टोकरखाड़ा, उलटन फलिया, सुन्दरवन सोसायटी, किलवणी नाका, बस्ता फलिया, डोकमर्डी, 66 केवी रोड़, भुरकुड़ फलिया, इन्दिरा नगर में सार्वजनिक गणेश मंडलों में अनंत चतुदर्शी तक मूषक वाहन की पूजा होगी। कई पंडालों में रविवार को मूर्तियों का प्रवेश विधि एवं पूजन हुआ।
50 से ज्यादा बड़े पंडालों में पार्वती पुत्र की पूजा होगी
शहर में गणेशोत्सव की शुरुआत आज से 82 वर्ष पूर्व आमली गायत्री शक्तिपीठ मंदिर से हुई थी। वर्ष 1937 में धार्मिक आस्था एवं भक्ति का अलख जगाने के लिए तत्कालीन हिन्दू महासभा प्रमुख रामचंद्र महादेव पटवर्धन के मार्गदर्शन में रामजी रामेश्वर मंदिर में गणपति महोत्सव की शुरुआत की गई थी। बाद में सन् 1960 तक प्रदेश के सभी गांवों में गणेश की पूजा अर्चना होने लगी। इस बार शहर के 50 से ज्यादा बड़े पंडालों में पार्वती पुत्र की पूजा होगी। किलवणी नाका सार्वजनिक गणेशोत्सव में पूजा के साथ नाटक लीला मंचन रखा है। यहां 11 दिन तक पूजा-अर्चना, नाट्य चित्रण, प्रसाद, भजन-कीर्तन होंगे। पिपरिया गणेश मंडलम ने देवस्थान से दादरा मुख्य रोड तक मार्ग रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया है। बीच-बीच में आकर्षक विद्युत टॉवर बनाए गए हैं, जहां शाम होते दर्शकों को भगवान के कई रूप देखने को मिलेंगे। सिद्धिविनायक मित्र मंडल ने पिपरिया में 11 दिन के गणेशोत्सव में पूजा अर्चना, भजन-संगीत व रात्रि को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम रखे हैं। दादरा, नरोली, मसाट, सामरवरणी, रखोली एवं खानवेल में गणेश पूजा के बड़े पंडाल सज गए हैं।
सोमवार से ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से गणनायक की पूजा होगी। दपाड़ा, आंबोली, सुरंगी, मांदोनी, सिंदोनी, बेड़पा, दुधनी, कौंचा में विघ्नहर्ता के आकर्षक पंडाल बन गए हैं। इस साल अच्छी बारिश से आदिवासी किसान अत्यंत खुश हैं, जिससे गांव-गांव में देवव्रत के मंदिर सजे हैं। औद्योगिक विस्तारों में भी गणेशोत्सव की तैयारी पूर्ण हो गई है। प्रगृति इंडस्ट्रीज मसाट, आरआर काबेल मधुबन रखोली, केएलजे सिली, जयकॉर्प, आलोक सिटी में गौरीपुत्र की विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा होगी।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
गणेशोत्सव में पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शांतिपूर्ण पूजा अर्चना के लिए बड़े पंडालों पर जवानों की ड्यूटी लगा दी है। विसर्जन के दौरान अथाल, डोकमर्डी, पिपरिया, बाविसा फलिया में अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। दादरा, नरोली, मसाट, रखोली, कराड़, मधुबन में नदी नालों के विभिन्न घाटों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। गणेशोत्सव के दौरान कई असामाजिक तत्व जुआ, मटका, मदिरा पान, अश्लील गानें एवं धन वसूली जैसे कृत्यों को अंजाम देते हैं। थानाधिकारी केबी महाजन ने बताया कि गणेशोत्सव में अनैतिक कृत्यों पर पुलिस की नजर रहेगी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान अतिशबाजी व नशे का सेवन पर रोक लगा दी है।