
CRIME : पुलिस गश्त पर उठ रहे सवाल : 24 घंटे में तीन स्थानों पर चले चाकू
युवक का शव मिला, मोबाइल गायब :
वराछा अश्विनी कुमार रोड स्थित वसुंधरा इंडस्ट्रियल एस्टेट से गुरुवार को पुलिस को एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के जेब में मिले एक विजिटिंग कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त अश्विनी कुमार पटेल नगर निवासी दीपक महाकुंड के रूप में की गई है। वह गजेरा सर्कल के निकट एक रेस्टोरेन्ट में वेटर था। परिजनों के मुताबिक व रात में रेस्टोरेंट से पैदल ही लौटता था। वंसुधरा इंडस्ट्रियल एस्टेट में उसका शव मिला। उसके पेट, चेहरे व ठुड्डी पर चाकू से वार के निशान थे। शव से उसका मोबाइल गायब था। पुलिस ने मोबाइल लूट के इरादे से बदमाशों ने उसकी हत्या होने की आशंका व्यक्त की है।
0
पार्किंग के विवाद में चाकू से किए वार :
नानपुरा डक्का ओवारा (घाट) के निकट चार जनों ने एक युवक पर चाकू से पांच वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। गंभीर घायल हुए डक्का ओवारा निवासी पीडि़त आकाश पुत्र सुखा राठौड़ को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने डक्का ओवारा निवासी अंकित वसावा, निलेश वसावा, बंटू राठौड़, विकास नायका को नामजद किया। पुलिस के मुताबिक पीडि़त आकाश मंगलवार रात मोहल्ले के बाहर मित्रों के साथ बैठा बातचीत कर रहा था। उस दौरान अंकित के साथ मोटरसाइकिल पार्क करने को लेकर विवाद हो गया था। इसको लेकर अंकित रंजिश रखे हुए था। बुधवार को अंकित ने अपने मित्रों के साथ मिलकर आकाश को पीटा फिर चाकू से वार कर दिए।
0
लहूलुहान हालत में मदद के लिए चिल्ला रहा था युवक :
पांडेसरा कैलाश नगर चौराहे पर बुधवार सुबह एक युवक को किसी ने चाकू मार दिया। गंभीर वार से उसकी आंते बाहर निकल आई। वह अपने कपड़े उतार कर मदद के लिए गुहार लगा रहा था। तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे देखा। नाम पता पूछने पर अपनी पहचान नवागाम डिंडोली निवासी बलेन्द्र यादव के रूप में दी। बलेन्द्र को उसके पिता का फोन नम्बर याद नहीं था। इस बीच वह बेसुध हो गया।
सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस उसे न्यू सिविल अस्पताल ले गई। जहां उसका ऑपरेशन किया गया। पुलिस ने मौके से उसके कपड़े जब्त किए। उस पर हमला किसने व क्यों किया इस बारे में पुख्ता तौर पर तो कुछ पता नहीं चल पाया। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वह अपने साथियों के साथ शराब के नशे में धुत्त था। उन्हीं में से किसी ने उस पर हमला किया होगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर छह जनों को हिरासत में लिया है।
Published on:
08 Oct 2022 01:16 pm

बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
