दक्षिण गुजरात का आदिवासी बहुल जिला डांग इन दिनों आदिवासी जनकल्याण के नाम पर हुए गड़बड़झाले के कारण सुर्खियों में है। यहां के जिला प्रशासन की नाक के नीचे जो करतूत सामने आई है, वह सिर मुंडाते ओले पडऩा और होम (हवन) करते हाथ जलना जैसी कहावतों को चरितार्थ करती है। २५ करोड़ रुपए के सीएसआर फंड का प्रस्ताव लेकर जो कम्पनी जिला प्रशासन के पास आई, वह फर्जी निकली। इस कम्पनी के कर्ता-धर्ताओं ने सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की आड़ में कलक्टर से लेकर सरकारी कर्मचारी और किसान तक का इस्तेमाल अपने फायदों के लिए किया। एक साल तक मनमानी का यह खेल किसकी शह से चलता रहा, इस सवाल का जवाब आना बाकी है।