16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समिति स्कूलों के आरओ प्लांट जल्दी शुरू करने का आदेश

राजस्थान पत्रिका खबर का असर सभी स्कूलों से बंद पड़े आरओ प्लांट के बारे में जानकारी मांगी

2 min read
Google source verification
patrika photo

सूरत. सूरत महानगर पालिका संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति अपने स्कूलों के आरओ प्लांट को लेकर आखिर जाग गई। राजस्थान पत्रिका में ठप पड़े आरओ प्लांट की खबर प्रकाशित होने के बाद समिति प्रशासन हरकत में आया और ठप पड़े आरओ प्लांट को जल्दी शुरू करने का आदेश दिया। सर्विस करने वाले से सभी आरओ प्लांट की रिपोर्ट भी मांगी गई है।
नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की ओर से नवम्बर 2017 में समिति स्कूलों के पीने के पानी की जांच करवाई गई थी। फरवरी 2018 में जांच रिपोर्ट लीक हुई तो सामने आया कि समिति स्कूल के विद्यार्थी जो पानी पीते हैं, वह पीने योग्य नहीं है। मनपा के अधिकारियों ने ही पीने के पानी की जांच कर रिपोर्ट सौंपी थी। साथ ही समिति को सभी पानी की टंकियों की सफाई का भी निर्देश दिया गया था, लेकिन समिति के पदाधिकारियों ने रिपोर्ट को दबा दिया। रिपोर्ट लीक होने के बाद राजस्थान पत्रिका ने इस मामले को उजागर किया। मामला प्रकाशित होने के बाद समिति के पदाधिकारी अपने बचाव में जुट गए। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी स्कूलों में आरओ प्लांट लगे हैं, इसलिए दूषित पानी का सवाल ही खड़ा नहीं होता। राजस्थान पत्रिका ने समिति स्कूलों की पड़ताल की तो पता चला कि स्कूलों में लगाए गए आरओ प्लांट ठप पड़े हैं। लंबे समय से इनकी सर्विस नहीं की गई। स्कूलों ने कई बार समिति को आरओ प्लांट की सर्विस करवाने का आग्रह किया, लेकिन समिति पदाधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। स्कूलों में वाटर कूलर भी बंद नजर आए। राजस्थान पत्रिका में शुक्रवार को समिति स्कूलों में बंद पड़े आरओ प्लांट और वाटर कूलर की खबर प्रकाशित होने के बाद समिति पदाधिकारियों के होश उड़ गए। समिति प्रशासन हरकत में आया। आरओ प्लांट की सर्विस करने वाले को समिति के मुख्य कार्यालय बुलाया गया। समिति प्रमुख हसमुख पटेल ने बंद पड़े सभी आरओ प्लांट को तुरंत सर्विस कर शुरू करने का आदेश दिया। सर्विस वाले को सभी आरओ प्लांट के बारे में जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया गया। सभी समिति स्कूलों से आरओ प्लांट की हालत के बारे में जानकारी मांगी गई है।

हरकत में आई समिति
लंबे समय से बंद पड़े आरओ प्लांट शुरू करवाने के लिए समिति के पदाधिकारी हरकत में आए हैं। सर्विस वाले को बुलाकर जल्द आरओ प्लांट शुरू करने का आदेश दिया गया है।
सुरेश सुहागिया, समिति सदस्य, विपक्ष

जल्द शुरू हो जाएंगे
बंद पड़े आरओ प्लांट और वाटर कूलर जल्द शुरू हो जाएंगे। हर महीने स्कूलों के आरओ प्लांट का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हसमुख पटेल, प्रमुख, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति