व्यापार विकास की बैठक...
सूरत. सूरत मर्कंटाइल एसोसिएशन की साप्ताहिक व्यापारिक बैठक रविवार सुबह सिटीलाइट स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में एसोसिएशन की नियमित व्यापारिक समस्याओं की सुनवाई और समाधान प्रक्रिया चली। इसके बाद हैप्पी बिजनेस, हैप्पी लाइफ और सेल्फ ग्रोथ पर शहर की एक अन्य व्यापारिक संस्था प्रोग्रेस एलायंस के वक्ताओं ने सूरत मर्कंटाइल एसोसिएशन के सदस्य व पदाधिकारी कपड़ा व्यापारियों को व्यापार विकास संबंधी कई आवश्यक बातें बताई। बैठक में वक्ताओं ने बिजनेस के सभी क्षेत्र जिसमें शामिल सेल्स ग्रोथ, प्रॉफिट ग्रोथ, टीम मैनेजमेंट, स्टॉक रिडक्शन, लोन री-पेमेंट, सिस्टम डवलपमेंट समेत अन्य विषयों की बात की। उन्होंने बताया कि बिजनेस के साथ पर्सनल ग्रोथ पर भी प्रत्येक व्यापारी को ध्यान देना चाहिए जिससे कॉन्फिडेंस डवलपमेंट, पब्लिक स्पीकिंग, टीम वर्क, लीडरशिप, रिलेशनशिप डवलपमेंट, रिलेशनशिप अपने पेरेंट्स, बच्चों, पत्नी व अन्य रिश्तेदारों के साथ मजबूत और विश्वस्त की जा सके। बैठक के दौरान एसएमए परिवार के अशोक गोयल, आत्माराम बाजारी, राजीव ओमर, महेश पाटोदिया, दुर्गेश टिबडेवाल, हेमंत गोयल, मनोज अग्रवाल, प्रकाश बेरीवाल, अमित तापडिया, भरतभाई, राजेश गुरनानी, रामकिशोर बजाज आदि मौजूद थे।
नामवापसी का अंतिम दिन आज
सूरत. फैडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) चुनाव में सोमवार को नामांकन पत्र वापस लेने का अंतिम दिवस है। शाम छह बजे तक फोस्टा चुनाव में भाग ले रहे एकता व विकास पैनल के उम्मीदवारों की तस्वीर साफ होकर सामने आ जाएगी। सूरत कपड़ा मंडी में फोस्टा चुनाव की चर्चा जोर-शोर से जारी है। व्यापारिक संगठन फोस्टा के चुनाव में एकता व विकास पैनल के कुल 94 उम्मीदवारों ने पिछले दिनों नामांकन पत्र भरकर फोस्टा चुनाव समिति के समक्ष जमा करवाए थे। इनमें से सात फॉर्म अलग-अलग कारणों से रद्द किए गए थे। जबकि तीन जनों ने पहले ही नामांकन पत्र वापस ले लिए थे। शुक्रवार शाम तक 84 उम्मीदवार मैदान में रह गए थे। सोमवार को नामांकन पत्र वापस लेने का अंतिम दिन है। सूत्रों की मानें तो सोमवार शाम छह बजे तक कुछ उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं और इस वजह से पैनल टूटने की भी आशंका बन जाती है। गौरतलब है कि फोस्टा चुनाव में 41 डायरेक्टर पद के लिए 8 जुलाई को वणकर टेक्सटाइल मार्केट के पार्किंग परिसर में चुनाव होना तय किया गया है।