-शहर में दीपावली स्नेहमिलन समारोह का दौर हो गया शुरू, कोरोना के प्रति सतर्कता भी है जरूरी
सूरत. कोरोना महामारी का असर कम से कम हुआ है और वैक्सीनेशन ड्राइव ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच गया है, लेकिन फिर भी त्योहार-उत्सव के दौर में सावधानी जरूरी है। दीपावली महापर्व पर रविवार से स्नेहमिलन समारोह का सिलसिला प्रारम्भ हो गया है और अब यह दीपावली के बाद तक चलता रहेगा। इस दौरान प्रवासी राजस्थानियों के विभिन्न समाज व संगठन के सैकड़ों लोग एक छत के नीचे एकत्र होंगे और ऐसी स्थिति में सावधानी के तौर पर कोरोना गाइडलाइन का पालन आवश्यक हो जाता है। रविवार को शहर में समाज स्तर पर दीपावली स्नेहमिलन समारोह का सिलसिला गौड़ ब्राह्मण परिषद की युवा इकाई ने प्रारम्भ किया और इस अवसर पर समाज के अधिकांश लोगों ने मास्क लगाकर समारोह में भाग लिया। समारोह के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी वहीं, परिषद के पदाधिकारियों ने प्रतिभावान बच्चों व अन्य मेहमान का दुपट्टे से स्वागत किया।
सम्मेदशिखर तीर्थ यात्रा 5 से प्रारम्भ
सूरत. सूरत से झारखंड के मधुबन स्थित जैन तीर्थ सम्मेदशिखर तीर्थ यात्रा का आयोजन 5 से 12 नवम्बर तक किया जाएगा। यात्रा में सूरत सहित नागौर, पाली, ब्यावर, जोधपुर, मुंबई, आणंद, बैंगलुरू के यात्री शामिल होंगे। यात्रा के दौरान यात्री सम्मेदशिखर के अलावा ऋजुबालिका, गुणावा, पावापुरी, कुंडलपुर, राजगीर, बोधगया आदि तीर्थों का भी दर्शन करेंगे। गौरतलब है कि सम्मेदशिखर क्षेत्र में जैन धर्म के 24 में से 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष की प्राप्ति की थी। यहीं पर 23वें तीर्थंकर भगवान पाश्र्वनाथ ने भी निर्वाण प्राप्त किया था।
वर्षी उत्सव मनाया
सूरत. सिंधी समाज के अमर शहीद संत कंवरराम साहेब की पुण्यतिथि के मौके पर वर्षी उत्सव का आयोजन रविवार को सिटीलाइट स्थित प्रेमप्रकाश आश्रम में किया गया। उत्सव का आयोजन लालसांई सेवा समिति, पूज पंचायत, प्रेमप्रकाश मंडल, संत कंवरराम मंडल, सचो सतराम मंडल के सहयोग से किया गया। शाम छह बजे से आयोजित उत्सव के दौरान सत्संग, भजन-कीर्तन, आरती, भंडारा आदि के आयोजन किए गए। इस दौरान समाज के कई लोग मौजूद रहे।
व्यापारियों ने किया चिंतन
सूरत. व्यापार प्रगति संघ की ओर से साप्ताहिक व्यापारिक बैठक का आयोजन रविवार सुबह घोड़दौडऱोड स्थित शिवाजी गार्डन में किया गया। बैठक के दौरान संघ से जुड़े व्यापारियों ने कम खाओ-गम खाओ की तर्ज पर कपड़ा व्यापार की नसीहत दी और बताया कि निचली कपड़ा मंडियों के व्यापारियों के ऑर्डर का 80 प्रतिशत माल ही भेजना चाहिए, ताकि ऑर्डर की संभावना लगातार बनी रही। बैठक में कई व्यापारी मौजूद थे।
जरुरतमंदों में सामग्री वितरित
सूरत. दीपावली महापर्व के अवसर पर महावीर जनसेवा मिशन ने कच्ची बस्ती के लोगों के बीच रविवार को आवश्यक सामग्री का वितरण किया। सामग्री में मिठाई, साड़ी व अन्य वस्तुएं शामिल थी। वितरण कार्यक्रम के दौरान पार्षद रश्मि साबू, ममता बोथरा, मीनाक्षी जैन, अर्पिता जैन, शिल्पा जैन आदि मौजूद थी।
निर्धनजन में सामग्री वितरण
सूरत. परमार्थ फाउंडेशन की ओर से दीपावली महापर्व के उपलक्ष में भरथाणा गांव स्थित निर्धनजनों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित की गई है। फाउंडेशन के गिरीश फतनानी ने बताया कि भरथाणा गांव में निर्धन व जरुरतमंदों को साड़ी, मिठाई व अन्य आवश्यक सामग्री रविवार को वितरित की गई। इस मौके पर पार्षद कैलाश सोलंकी, तनिष्का पाटिल आदि मौजूद थे।
आंगनवाड़ी के बच्चों को बांटी मिठाई
सूरत. मारवाड़ी युवा मंच, सूरत शाखा की ओर से दीपावली के मौके पर पांडेसरा स्थित कृष्णानगर आंगनवाड़ी में रविवार को बच्चों के बीच मिठाई व आतिशबाजी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान सूरत मनपा के दंडक विनोद पटेल, पार्षद पूर्णिमा दावले, शाखा के राहुल बजाज, अभिषेक खेतान, पंकज जालान, विवेक, विशाल अग्रवाल, अजय अग्रवाल समेत अन्य मौजूद थे।
दीक्षा दिवस कार्यक्रम आयोजित
सूरत. परवत पाटिया में आईमाता रोड स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में रविवार को मुनि सुव्रतकुमार के 51वें दीक्षा दिवस मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुनि ने कहा कि गणाधिपति आचार्य तुलसी से उन्होंने भागवती दीक्षा प्राप्त की थी, यह अहोभाग्य है। तेरापंथ धर्मसंघ त्राण और प्राण है तथा परम सहारा है। धर्मसंघ ने कर्मनिर्जरा के अद्भुत अवसर उपलब्ध करवाए हैं। मुनि मंगलप्रकाश ने कहा कि मुनि सुव्रतकुमार स्वामी निराले संत है और उन्होंने संघ की विशिष्ट सेवा की है।