
SURAT NEWS DAYRI: लाजपोर जेल में कन्या मंडल ने दी नशामुक्ति पर आधारित नाटक की प्रस्तुति
सूरत. अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को नशामुक्ति दिवस मनाया गया। इस दौरान लिंबायत कन्या मंडल की कन्याओं ने लाजपोर जेल में नशामुक्ति की सीख नाटिका के माध्यम से दी। कार्यक्रम का आयोजन अणुव्रत समिति ग्रेटर, सूरत की ओर से किया गया। समिति के मंत्री संजय बोथरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में उधना स्थित तेरापंथ भवन में मुनि उदित कुमार ने बताया कि नशे की सामग्री पर चेतावनी लिखी होती है, फिर भी पढ़े-लिखे लोग उसे पढ़कर नशा करते हैं। नशे से वे अपना जीवन बर्बाद करते हैं। इस अवसर पर लाजपोर मध्यस्थ जेल में कैदियों के बीच नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन जेल अधीक्षक पीजी नरवणे की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान लिंबायत कन्या मंडल की कन्याओं ने नशामुक्ति पर विशेष नाटिका की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान अणुविभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश सुराणा, समिति अध्यक्ष विमल लोढ़ा, रतनलाल भलावत, मंजू भंसाली, रंजू दुग्गड़, सुभाष चपलोत, राजमल भलावत, संजय चपलोत, अनिल चोरडिया आदि मौजूद थे।
कथा की शुरुआत में निकली तुलसी शोभायात्रा
सूरत. पितृपक्ष में वनवासियों के कल्याणार्थ आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह की शुरुआत में गुरुवार सुबह अलथाण क्षेत्र में तुलसी शोभायात्रा निकाली गई। कथा स्थली सेंटोसा हाइट्स सोसायटी प्रांगण से तुलसी शोभायात्रा की शुरुआत सुबह साढ़े सात बजे बैंड-बाजे व डीजे के साथ की गई। इस दौरान एक सौ आठ महिलाएं यात्रा में तुलसी पात्र के साथ शामिल रहीं। क्षेत्र में यात्रा भ्रमण कर वापस कथास्थली पहुंची और वहां बाद में कथा की शुरुआत में व्यासपीठ से कथाकार रामजी मिश्रा ने भागवत महात्म्य श्रद्धालुओं को सुनाया।
दुर्गा पूजा महोत्सव 15 से मनाएंगे
सूरत. नवरात्र पर्व के अवसर पर बिहार विकास परिषद की ओर से दस दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव 15 अक्टूबर से रांदेर में रामनगर स्थित सिंधी समाज की वाड़ी में मनाया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह पूजा-आरती व माताजी के दर्शन आदि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 से 24 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव में 20 को नवपत्रिका निमंत्रण, 21 को महा सप्तमी पूजन, 22 को महा अष्ठमी निशा पूजन 23 को महानवमी पूजन व 24 को विसर्जन पूजन व प्रतिमा विसर्जन के कार्यक्रम होंगे। इस दौरान भजन संध्या समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के भी आयोजन किए जाएंगे। परिषद की ओर से महोत्सव के संयोजक के रूप में निरंजन अग्रवाल व संजय झा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
सूरत. अग्रवाल विकास ट्रस्ट की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के मौके पर गुरुवार को ट्रेजर हंट आधारित प्रतियोगिता का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन के श्याम कुंज में किया गया। प्रतियोगिता में 160 से ज़्यादा प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगियों के लिए श्यामकुंज से अग्रसेन गार्डन तक अलग-अलग क्लूज रखे गए थे और सभी को क्लूज़ पता कर टास्क पूरा करना था। प्रतियोगिता के बाद विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान महिला शाखा की पदाधिकारी व सदस्य समेत अन्य लोग मौजूद थे।
Published on:
05 Oct 2023 08:53 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
