4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SURAT NEWS: धार्मिक आस्था और उत्साह-उमंग लेने लगी हिलोर

-नवरात्र पर्व के दूसरे दिन मां भगवती के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की विधिविधान से पूजा-आराधना

2 min read
Google source verification
SURAT NEWS: धार्मिक आस्था और उत्साह-उमंग लेने लगी हिलोर

SURAT NEWS: धार्मिक आस्था और उत्साह-उमंग लेने लगी हिलोर

सूरत. कोरोना काल के दो साल बाद गुजरात के लोकपर्व नवरात्रि की शुरुआत आश्विन शुक्ल प्रतिपदा सोमवार से धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेलैयों के उत्साह व उमंग से हो गई है। हालांकि पहले दिन सोसायटी-अपार्टमेंट के गरबा आयोजनों में खेलैयों की कम भीड़ जुटी वहीं, मंदिरों में श्रद्धालु अच्छी संख्या में दर्शन करने पहुंचे। नवरात्र पर्व के अवसर पर शहर में कई धार्मिक स्थलों पर महायज्ञ, सुंदरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा व दुर्गा चालीसा अखण्ड पाठ आदि के आयोजन होने लगे हैं। नवरात्र पर्व में मां भगवती की भक्ति व गरबा नृत्य का उत्साह विजयादशमी पर्व तक यूं ही बना रहेगा। सोमवार को पहले दिन गरबे का रंग थोड़ा फीका रहा, लेकिन मंगलवार को इसकी रंगत जम गई। खेलैया गरबा गीतों पर देर रात परंपरागत नृत्य करते रहे। इस मौके पर शहर में अंबिकानिकेतन में अम्बाजी मंदिर, बालाजी रोड पर जुना अंबाजी मंदिर, पार्ले पोइंट में राधाकृष्ण एवं अष्टदश भुजा माता मंदिर, परवत पाटिया में भक्तिधाम मंदिर, अश्विनीकुमार रोड पर उमिया धाम समेत शहर में अन्य सजे-धजे देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही।

-नवरात्र में नित नया सजता माता का दरबार


सूरत की अधिष्ठात्री अंबाजी का नवरात्र पर्व में नित नए श्रृंगार का आयोजन श्रीलक्ष्मीनाथ सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। समिति के सुशील बजाज ने बताया कि केबीएम इवेंट्स के योगेश बंसल के माध्यम से बंगाल के शिल्पी गोना दा टीम के कारीगर माताजी के सानिध्य में अंबिकानिकेतन स्थित मां अम्बा का नित नया श्रृंगार कर रहे हैं। नवरात्रि के प्रथम दिवस सोमवार को पुष्पों से हंस-गरुड़ की सवारी की झांकी सजाई थी और मंगलवार को राजदरबार मंदिर के गर्भगृह में सजाया गया। नवरात्र पर्व के दौरान वृंदावन का फूलबंगला, श्याम हवेली, सिंह की सवारी, माता वैष्णोदेवी की गुफा, बाबा अमरनाथ, गोवर्धन पर्वत व वन की झांकी सजाई जाएगी।

-18वीं ध्वज चुनर धर्मयात्रा रविवार को निकलेगी

नवरात्र पर्व के उपलक्ष में श्रीअखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ की ओर से 18वीं ध्वज चुनर धर्मयात्रा रविवार को निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत सुबह नौ बजे सणिया गांव स्थित श्रीवृंदावन गौशाला के निकट से किया जाएगा और यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु ध्वज-चुनर के साथ 108 मीटर लंबी चुंदड़ी लेकर चलेंगे। सवा लाख दीप से महाआरती आदि के आयोजन सणिया गांव स्थित श्रीवृंदावन गौशाला में किया जाएगा। संघ की ओर से इस बार नवरात्र पर्व गौशाला में विशेष रूप से मनाया जाएगा और इस दौरान गौ श्रंृगार, गौ पत्रक विमोचन, कन्या पूजन, गौ संकीर्तन, गौ माता का पंचोपचार पूजन, 501 किलो लापसी का भोग समेत अन्य कई आयोजन किए जाएंगे।

-सुबह से देर रात तक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियों का दौर

नवरात्र पर्व के उपलक्ष में श्रीपंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के संत स्वामी विजयानंद महाराज के सानिध्य में खरवरनगर के श्रीदक्षिणाभिमुखी शनि-हनुमान मंदिर आश्रम प्रांगण में पंचकुंडीय चंडी महायज्ञ का आयोजन आश्विन शुक्ल प्रतिपदा सोमवार से शुरू किया गया। महाराज के सानिध्य में आयोजित 86वें महायज्ञ में नियमित सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर ढाई से शाम 6 बजे तक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञवेदी में आहुतियां दी जा रही है। आश्रम प्रांगण में रात्रि 8 से 12 बजे तक बगलामुखी यज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके अलावा महाविद्या, चंडीपाठ, ग्रहशांति पाठ, अखंड रामायण पाठ आदि के आयोजन भी श्रीदक्षिणाभिमुखी शनि-हनुमान मंदिर आश्रम प्रांगण में जारी है।

Story Loader