
SURAT SPECIAL NEWS: परवत पाटिया से अलखधाम तक अब लगेगा जातरुओं का मेला
सूरत. भाद्रपद मास शुरू होते ही लोकदेवता बाबा रामदेवजी महाराज के दर्शनार्थियों का मेला राजस्थान के रामदेवरा के समान सूरत जिले में बारडोली के निकट अलखधाम में भी प्रारंभ हो जाएगा। करीब एक माह तक आयोजित होने वाले अलखधाम मेले में हजारों श्रद्धालु पैदल-पैदल बाबा के दर्शन करने जाएंगे। यह सिलसिला भाद्रपद कृष्ण प्रतिपदा गुरुवार से ही शुरू हो गया है। हालांकि पैदल यात्रा के दौर का जोर भाद्रपद शुक्ल पक्ष में अधिक रहेगा। इस दौरान शहर समेत आसपास से दर्जनों संघ व मंडलों की यात्रा में हजारों जातरु पैदलयात्रा में जुड़ेंगे। राजस्थान में जोधपुर के निकट रामदेवरा तीर्थस्थल पर भाद्रपद मेले की शुरुआत हो गई है। रामदेवरा के समान ही दक्षिण गुजरात में विष्णु अवतारी लोकदेवता बाबा रामदेवजी का अलखधाम प्रसिद्ध स्थल है। यहां पर भी भाद्रपद मास शुरू होते ही जातरु दर्शन करने के लिए पहुंचने लगते हैं। सूरत शहर से कई बड़े संघ व मंडल की अलखधाम पैदल यात्रा अगले कुछ दिनों में शुरू होगी। संघ व मंडल की ओर से यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से की जाने लगी है। शहर से कई संघ व मंडल जहांगीरपुरा स्थित राममढ़ी भी ***** मेले के दौरान यात्रा लेकर जाते हैं।
- श्रीराम रामदेव सेवा संघ, बॉम्बे मार्केट :
संघ की ओर से ***** मेले के उपलक्ष में 17वीं पैदल यात्रा भाद्रपद शुक्ल नवमी के मौके पर शहर में उमरवाड़ा स्थित बॉम्बे मार्केट प्रांगण से निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों पैदल जातरुओं के साथ बग्गी, रथ, झांकियां, कार, ट्रेक्टर, दुपहिया वाहन, डीजे आदि रहेंगे। संघ के धीरजसिंह राजपुरोहित ने बताया कि करीब 25 किमी की पैदल यात्रा तय कर सभी यात्री शाम 6 बजे तक गंगाधरा के निकट अलखधाम पहुंचेंगे। यहां पर बापू योगेश्वर महाराज व मैयाजी के सानिध्य में भजन संध्या, आरती आदि के आयोजन होंगे। इसमें राजस्थान के आमंत्रित गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे।
- श्रीरामदेव पैदल यात्रा संघ, मोटी बेगमवाड़ी :
संघ की ओर से 27वीं पैदल यात्रा का आयोजन भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के मौके पर किया जाएगा। यात्रा की शुरुआत सूरत कपड़ा मंडी में मोटी बेगमवाड़ी कपड़ा बाजार स्थित शंकर मार्केट प्रांगण से की सुबह में जाएगी। संघ के जगदीश कोठारी ने बताया कि यात्रा में सैकड़ों-हजारों कपड़ा व्यापारी समेत अन्य श्रद्धालु जुड़ेंगे। यात्रा बाद में देर शाम बारडोली रोड पर गंगाधरा निकट अलखधाम पहुंचेंगी। यहां पर भजन संध्या, आरती, महाप्रसादी आदि के आयोजन होंगे। भजन संध्या में वापी के महेंद्र स्वामी समेत अन्य गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे।
- श्रीरामापीर सेवा समिति :
समिति की ओर से पदयात्रा का आयोजन उधना स्थित आशानगर से भाद्रपद शुक्ल द्वितिया को किया जाएगा। समिति के पवन सेवदा ने बताया कि यात्रा सुबह सवा सात बजे उधना में आशानगर स्थित श्रीआशापुरा हनुमानजी मंदिर प्रांगण से बाजे-गाजे के साथ रवाना होगी। इस मौके पर समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। यात्रा में शामिल श्रद्धालु बाद में विभिन्न मार्ग से होकर गंगाधरा के निकट अलखधाम पहुंचेंगे। समिति की ओर से अलखधाम प्रांगण में अखंड ज्योत, भजन-जागरण समेत अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Published on:
31 Aug 2023 08:54 pm

बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
