सूरत. सूरत टेक्सटाइल बुर्स की ओर से रविवार को आयोजित कीर्तन संध्या देर रात तक जमी। इस दौरान आमंत्रित भजन गायक श्रोताओं को देर तक श्याम सरिता में गोते लगवाते रहे। सूरत टेक्सटाइल बुर्स की ओर से कीर्तन सन्ध्या का आयोजन उधना मेन रोड स्थित लक्ष्मीनारायण इंडस्ट्रियल पार्क में शाम पांच बजे किया गया था। बाबा श्याम के श्रृंगारित दरबार के समक्ष अखण्ड ज्योत प्रज्ज्वलन के बाद कीर्तन सन्ध्या कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित कलाकार श्याम अग्रवाल, रजनी राजस्थानी, शिवानी वधावन, हर्ष तनेजा एवं सुभांगी सोनी आदि ने मीठे-मीठे भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर अंबाजी, सालासर एवं बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया गया। कीर्तन सन्ध्या के दौरान छप्पन भोग, सवामणी, इत्र फुहार, पुष्पवर्षा, महाप्रसादी समेत अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। भजन गायकों ने श्याम भक्ति के भजनों के साथ-साथ धमाल की भी प्रस्तुति दी और श्यामभक्त श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।