
surat news : एटीएम का सेफ काट कर १४.५१ लाख रुपए ले उड़े चोर
सूरत. इच्छापोर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात शातिर चोर गैस कटर की मदद से एटीएम का सेफ काट कर १४ लाख ५१ हजार रुपए नकद चुरा ले गए। बुधवार सुबह मामला सामने आने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने चोरों का सुराग लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की भी मदद ले रही है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने इच्छापोर बस स्टैण्ड नम्बर तीन के निकट कॉरपोरेशन बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। देर रात बंद एटीएम सेंटर का शटर तोड़ कर उन्होंने अंदर प्रवेश किया। शटर अंदर से बंद कर गैस कटर की मदद से मशीन के भारी भरकम सेफ वाल्ट को काटा और रील से रखे नोट लेकर फरार हो गए। सुबह घटना के बारे में पता चलने पर कॉरपोरेशन बैंक के शाखा प्रबंधक ने इच्छापोर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रबंधक की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि इच्छापोर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस को आशंका है कि चोर गिरोह ने पहले एटीएम सेंटर की कई बार रेकी की होगी। आस-पास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रोनिक सर्वेलेंस की मदद से उनका सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी से छेड़छाड़, संदिग्धों के फुटेज मिले
मामले की जांच रहे इच्छापोर थाना प्रभारी एम.आइ. पठान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला है कि रात को चोरी से पहले दिन में कुछ संदिग्ध एटीएम सेंटर आए थे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ की। दो जनों के फुटेज मिले हैं। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी में उनकी लिप्तता हो सकती है।
कोई सुरक्षाकर्मी नहीं
पुलिस का कहना है कि कॉरपोरेशन बैंक के जिस एटीएम सेंटर में चोरी हुई, वहां कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है, इसलिए रात को एटीएम सेंटर का शटर डाउन कर ताला लगा दिया जाता है। इस एटीएम सेंटर से कुछ ही मीटर की दूरी पर तीन और बैंकों के एटीएम सेंटर हैं, जो रात को भी खुले रहते हैं। वहां भी कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है। शायद चोरों को पता था कि रात को यह एटीएम सेंटर बंद रहने के कारण वहां कोई रुपए निकालने नहीं आएगा।
जानकार होने की आशंका
सूत्रों का कहना है कि कॉरपोरेशन बैंक के एटीएम में हुई चोरी में किसी जानकार के लिप्त होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि मशीन का सेफ काटना आसान नहीं होता। उसमें काफी समय लगता है तथा कई बार अंदर रखे नोट जलने का खतरा रहता है। जिस तरह मशीन काट कर रुपए चुराए गए हैं, उससे घटना में किसी जानकार का हाथ होने की आशंका है।
Published on:
24 Jul 2019 10:12 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
