4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सूरत

Surat Video : सूरत स्टेशन के पार्किंग में यात्री से मारपीट, उठक-बैठक करवाने का वीडियो वायरल

- यात्री के साथ अभद्र व्यवहार की घटना सीसीटीवी में कैद हुई, रेलवे प्रशासन घटना से अनजान

Google source verification

सूरत. सूरत रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में दुपहिया वाहन चालक के साथ मारपीट और उठक-बैठक करवाने का वीडियो वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि पार्किंग काॅन्ट्रैक्टर के कर्मचारियों ने यात्री के साथ किसी बात को लेकर हुई बहस के बाद मारपीट की। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और चार मिनट 36 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

सूरत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पार्किंग के लिए जगह नहीं मिलने की समस्या का सामना करना पड़़ता है। यात्रियों की संख्या अधिक और पार्किंग स्पेस कम होने के कारण कई बार वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ट्रेन में रोजाना सफर करने वाले यात्री भी बड़ी संख्या में अपने दुपहिया वाहन पार्किंग क्षेत्र में पार्क कर काम-धंधे पर जाते हैं। पिछले कुछ समय से यात्रियों को स्टेशन परिसर में पार्किंग को लेकर काफी समस्याएं हो रही हैं। अब तो मारपीट और उठक-बैठक करवाने जैसी हरकतें भी शुरू हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि सूरत स्टेशन पर देर रात ढाई बजे दुपहिया और चार पहिया वाहन रखने वाले पार्किंग क्षेत्र में केबिन के पास यात्री के साथ मारपीट की घटना हुई है। वायरल वीडियो में पार्किंग कॉन्ट्रैक्टर के कर्मचारी डंडा लेकर घूमते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनमें से एक-दो जने यात्री के साथ अभद्र व्यवहार कर परेशान करते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। कॉमर्शियल विभाग से पूछने पर उनका कहना है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। दूसरी तरफ पार्किंग ठेकेदार ने वायरल वीडियो में अपने स्टाफ के शामिल होने से भी इनकार किया है। गौरतलब है कि, सूरत स्टेशन पर पार्किंग क्षेत्र में कई बार समाजकंटकों को बैठे देखा जाता है। इनमें से ही कुछ लोग यात्रियों की मामुली गलती पर उनके साथ भीड़ जाते हैं और मारपीट करने के साथ-साथ अलग-अलग तरीके से यात्रियों को परेशान करते है।