कन्नौज. सदर कोतवाली अंतर्गत रविवार को ट्रक और लोडर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक मासूम सहित 6 लोगों की मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मियागंज निवासी रामकुमार की फरीदापुर थाना डेरामंगलपुर कानपुर देहात में ससुराल है। तीन दिन पूर्व उसकी सास रामजानकी की मौत हो गई थी। इससे वह अपनी पत्नी रामादेवी व पड़ोसी शिवशंकर और उसकी पुत्रवधू नेहा उर्फ आरती व एक वर्षीय पुत्री तानवी के साथ ससुराल गया था। रविवार को उक्त सभी लोग लोडर से घर लौट रहे थे।
इस दौरान औरैया जनपद में दिबियापुर-कन्नौज मार्ग पर सहार कस्बे के पास सामने से आ रहे ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। हादसे में उक्त लोगों की मौत हो गई। यह खबर जैसे ही गांव मियागंज में आई, वैसे ही घरों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। हादसे के शिकार हुए परिवारों में कोहराम मच गया। अपनों को खो चुके मृतकों के परिजन बेसुध हो गए। हादसे से संबंधित घरों में ग्रामीणों समेत रिश्तेदारों की भारी भीड़ लग गई।
उठा मां-बाप का साया
हादसे में मारे गए दंपती रामकुमार व रामादेवी की पांच बेटियां ही हैं। बड़ी पुत्री रुचि की बीते साल उसने शादी कर दी थी। जबकि सोनाली उम्र 17, स्वाती उम्र 13, उपासना 11, कंचन नौ वर्ष है। हादसे
में एक साथ मां-बाप की मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया। हर किसी के मन में एक ही सवाल उठ रहा है, कि आखिर अब उसकी चार बेटियों की शादी कैसे होगी और कैसे अब उसके परिवार का गुजारा होगा।
मियागंज गांव निवासी रामजी की डेढ़ साल पूर्व पड़ोसी रामकुमार ने अपनी ससुराल फरीदपुर से शादी कराई थी। यही वजह थी कि रामकुमार की सास की मौत होने पर रामजी का पिता शिवशंकर पुत्रवधू नेहा और छह माह की तानवी के साथ फीरादापुर गया था। रामजी ने सपने में भी नहीं सोंचा होगा कि एक साथ सड़क हादसे में उसकी पत्नी नेहा और पुत्री व पिता की मौत हो जाएगी।