
Tribal women burst pots in the city council
टीकमगढ़/बड़ागांव धसान. नगर की आदिवासी बस्ति तक शासन की कोई भी योजना पानी नहीं पहुंचा पा रही है। आदिवासियों के नाम पर तमाम योजनाएं संचालित होने के बाद भी नगर परिषद इनकी प्यास बुझाने में अक्षम साबित हो रही है। ऐसे में शांत समझे जाने वाले इन आदिवासियों के सब्र का बांध टूट गया और मंगलवार को उन्होंने प्रदर्शन करते हुए सीएमओ के कक्ष के सामने खाली मटके फोड़ डाले।
मंगलवार को आदिवासी बस्ती के लोग खाली मटकों के साथ रैली निकालते हुए नगर परिषद पहुंचे। यहां पर उन्होंने पानी उपलब्ध कराने के लिए जमकर नारेबाजी की। सालों से पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आगे गुहार लगा रहे इन आदिवासियों ने अपने घरों से लाए खाली मटके सीएमओ कक्ष के बाहर फोड़कर पानी दिलाने की मांग की। आदिवासी महिलाओं का कहना था कि वह लोग सालों से पेयजल के लिए मांग करती आ रही है, लेकिन उनकी बस्ती तक पहुंचने के लिए पहले ही तमाम योजनाएं खत्म हो जाती है। महिलाओं का कहना था कि वह लोग पानी के लिए प्रतिदिन डेढ़ किमी पैदल जा रही है। यहां पर बने एक गड्ढे से यह लोग पानी लाकर अपनी प्यास बुझ रही है। महिलाओं का कहना था कि चाहे गर्मी हो या सर्दी उनके लिए हर मौसम में सूखा है।
पेयजल का नहीं कोई स्रोत
वार्ड नंबर 5 की आदिवासी बस्ती की आवादी 600 के लगभग है। इस आवादी को पेयजल के लिए न तो कोई हैंडपंप है और न ही को पेयजल योजना। यह आदिवासी सालों से कुएं से लेकर पानी पी रहे है। अब गर्मियों में यह समस्या कुछ और बढ़ गई है। प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों ने बताया कि इस बार गर्मी कम होने के बाद भी पानी की समस्या बनी हुई है।
कोई मिशन नहीं बुझा पा रहा प्यास
विदित हो कि लोगों को घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए शासन द्वारा तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है। अटल भूजल मिलन, जल जीवन मिशन या मुख्यमंत्री नलजल योजना सहित कोई भी योजना क्यों न हो इस आदिवासी बस्ती तक पानी पहुंचाने में नाकाम साबित होती दिख रही है। आदिवासियों की माने तो उन्हें तो विभाग भूल ही गया है। आदिवासियों के इस प्रदर्शन के बाद अधिकारी भी कुछ भी जवाब देने से बचते दिखे और एक बार फिर से जल्द ही पेयजल की व्यवस्था करने की बात दोहराई।
कहते है अधिकारी
आदिवासी बस्ती में पेयजल की समस्या का जल्द ही निदान किया जाएगा। यहां पर पानी की टंकी रखवा कर पानी की व्यवस्था की जाएगी।- राजेश अवस्थी, सीएमओ, नगर परिषद, बड़ागांव धसान।
Updated on:
02 May 2023 08:22 pm
Published on:
02 May 2023 08:19 pm

बड़ी खबरें
View Allटीकमगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
