
उदयपुर . शहर में हेरिटेज टूरिज्म के लिहाज से अहम जगदीश मंदिर-सिटी पैलेस मार्ग पर बुधवार को एक गाय ने विदेशी महिला पर्यटक को सींग मार कर गम्भीर घायल कर दिया। जिसे निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब आठ बजे वहां से गुजर रही 70 वर्षीय फ्रांसिसी महिला पर्यटक को गाय ने सींग मार कर गिरा दिया। घटना के बाद आसपास के लोग और व्यापारी जमा हो गए। उन्होंने महिला को संभाला तो पाया कि उसके पेट पर गम्भीर चोट आई है।
स्थिति देखकर उसे एक निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। मौके पर जमा लोगों ने पार्षद देवेन्द्र जावलिया को सूचना दी। लोगों का विरोध था कि आवारा मवेशियों की ऐसी ही स्थिति शहर के कई चौराहों पर है मगर पर्यटन स्थलों पर इससे यह परेशानी बढ़ गई है। नगर निगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
मेयर को कई बार बताई स्थिति : पार्षद
पार्षद जावलिया ने भीड़ को बताया कि मैंने मेयर चन्द्रसिंह कोठारी व आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग को जगदीश मंदिर मार्ग, सिटी पैलेस ? मार्ग, भट्टियानी चोहट्टा आदि क्षेत्रों की स्थिति मोबाइल में कैद कर बताई थी। नगर निगम की कई बैठकों में भी यह स्थिति को रखा लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया।
कभी गाडिय़ां गिराते तो कभी दौड़ाते
मौके पर जमा लोगों और व्यापारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में आवारा मवेशियों की इस कदर संख्या बढ़ी है कि क्षेत्र में खड़े दुपहिया वाहनों को मवेशी गिरा देते है जिससे आए दिन नुकसान वाहन मालिक को उठाना पड़ता है। बाजार में पर्यटक हो या क्षेत्रवासी आवारा मवेशी उनके पीछे भागते है जिससे उनको दौडकऱ जान बचानी पड़ती है।
Published on:
09 Nov 2017 10:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
