उदयपुर. प्रदेश में इन दिनों 30 अप्रेल को अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त के साथ ही शादियों का सीजन चरम पर है। लेकिन इसी मौके का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने ठगी का नया पैंतरा अपनाया है। अगर आपको भी व्हाट्सएप या अन्य किसी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शादी के कार्ड का निमंत्रण एपीके फाइल के रूप में भेजा गया है, तो सावधान हो जाएं। ये वेडिंग इनविटेशन के नाम से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड करने व इंस्टॉल करने के बाद आपका पूरा मोबाइल साइबर अपराधियों के कंट्रोल में हो सकता है। जिससे मोबाइल के सारे कॉन्टैक्ट्स, मैसेजेस, फोटो, सोशल मीडिया, बैंकिंग ऐप्स इन सब की जानकारी ठगों तक पहुंच जाती है। जिसका फायदा उठाकर बैंक खातों को भी ये साइबर ठग खाली कर रहे हैं।