
मिस्ड कॉल वाला रेडियो, अब गीतों के साथ स्वास्थ्य संदेश देगा मोबाइल चैनल नौबत बाजा
भुवनेश पंड्या
उदयपुर. अब कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य संदेशों के साथ गीतों का आनन्द लेना चाहता है तो उसे केवल एक नम्बर डायल करना होगा। ये नम्बर है 773395959। इस नम्बर को डायल करते ही दो रिंग में फोन काट दिया जाएगा। फोन कटने के कुछ ही सेंकड्स में आपके पास फिर से एक कॉल आएगा और उठाते ही कई नए गाने सुनाई देंगे। ये कमाल सरकार की ओर से शुरू किए गए मोबाइल रेडियो चैनल नौबत बाजा का है। ये बाजा बजने के साथ ही आपको गीत तो सुनाई देंगे ही साथ-साथ में कुछ ऐसी स्वास्थ्य जानकारियां भी दी जाएंगी जो बेहद महत्वपूर्ण है।
-----
राज्य सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से यूएनएफपीए के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों के संचालन की कड़ी में ये भी प्रसार कार्यक्रम शुरू किया गया है। ये आम जनों में प्रसारित किया जाएगा। इस मोबाइल नम्बर पर घंटी जाने के बाद संबंधित व्यक्ति का फोन डिस्कनेक्ट हो जाता है। दूसरे नम्बर से कॉल प्राप्त होती है, इस कॉल से उस व्यक्ति को विभिन्न स्वास्थ्य संदेश मनोरंजन के साथ रोचक तरीके से सुनाए जाते हैं।
-------
आरसीएचओ डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि मोबाइल के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए यह बेहतर माध्यम है, इसलिए इसे शुरू किया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहितकुमार सिंह ने सभी जिलों को ये आदेश जारी किया है। इसका प्रसार सभी जिला ब्लॉक व समुदाय स्तर पर किया जाएगा। एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तक पहुंचाया जाना है।
----------
संक्रमण से बचाव और अन्य स्वास्थ्य जानकारियों के लिए यह बेहतर माध्यम हैं, इसमें मनोरंजन के साथ ही अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव की जानकारी मिलेगी।
डॉ दिनेश खराड़ी, सीएमएचओ उदयपुर
Published on:
23 Jun 2020 10:11 am

बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
